भागदौड़ भरी जिंदगी और अनियमित स्किन केयर रूटीन का असर सबसे पहले चेहरे पर नजर आता है. त्वचा रूखी, बेजान और थकी हुई दिखने लगती है और ऐसे में ज्यादातर लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स की तरफ भागते हैं. जबकि सच यह है कि त्वचा को नमी और पोषण देने के लिए हमेशा महंगे विकल्प चुनना जरूरी नहीं है.
घर में मौजूद चावल के पानी और एलोवेरा जेल से एक असरदार नाइट जेल तैयार किया जा सकता है. चावल का पानी त्वचा को मुलायम बनाने में मदद करता है, जबकि एलोवेरा जेल त्वचा को ठंडक पहुंचाकर उसमें नमी बनाए रखने का काम करता है. इस मिश्रण में लौंग भी डाली जाती है, जिसमें एंटीऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं. हालांकि जिनकी त्वचा संवेदनशील है, उन्हें इसे इस्तेमाल करने से पहले सतर्क रहना चाहिए.
बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी
इस नाइट जेल के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. चावल, लौंग, पानी और एलोवेरा जेल से यह तैयार हो जाता है. अगर चाहें तो इसमें एक छोटा चम्मच गुलाब जल भी मिलाया जा सकता है, हालांकि यह पूरी तरह वैकल्पिक है और हर किसी के लिए जरूरी नहीं.
जेल तैयार करने का पूरा तरीका
सबसे पहले एक कप पानी में चावल और लौंग डालकर करीब 45 मिनट तक भीगने के लिए रख दें. इतनी देर में चावल और लौंग अपने गुण पानी में छोड़ देते हैं. तय समय के बाद इस पानी को छानकर एक साफ बर्तन में निकाल लें, ताकि चावल के दाने और लौंग अलग हो जाएं और सिर्फ असरदार पानी बचे.
अब इस छने हुए पानी में एलोवेरा जेल मिलाएं. जिनकी त्वचा इन चीजों को आसानी से सहन कर लेती है, वे इसमें गुलाब जल के साथ थोड़ा शहद भी मिला सकते हैं. सभी सामग्री को तब तक अच्छी तरह फेंटते रहें, जब तक मिश्रण चिकना और एकसार न हो जाए.
स्टोर करने का सही तरीका और कब तक चलेगा जेल
जेल तैयार होते ही इसे किसी साफ और एयरटाइट कंटेनर में भरकर फौरन फ्रिज में रख देना चाहिए. चूंकि इसमें कोई प्रिजर्वेटिव नहीं मिलाया गया होता, इसलिए इसे बनाने के करीब 5 दिनों के भीतर ही इस्तेमाल कर लेना बेहतर है. अगर बीच में जेल के रंग, गंध या बनावट में किसी तरह का बदलाव नजर आए, तो उसे तुरंत फेंक देना चाहिए और दोबारा इस्तेमाल न करें.
चेहरे पर कैसे और कितनी बार लगाएं
रात को सोने से पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ करके सुखा लें. इसके बाद जेल की एक पतली परत चेहरे और गर्दन पर लगाएं, लेकिन आंखों और होंठों के आसपास इसे लगाने से बचना चाहिए. अगर त्वचा पर किसी तरह की जलन या रिएक्शन महसूस न हो, तो इसे रातभर लगा रहने दें और सुबह उठकर सादे पानी से चेहरा धो लें. इसे हफ्ते में 3 से 4 बार से ज्यादा लगाने की जरूरत नहीं है.
इस्तेमाल से पहले ये सावधानियां जरूर बरतें
किसी चीज के प्राकृतिक होने का यह मतलब नहीं कि वह हर तरह की त्वचा के लिए पूरी तरह सुरक्षित ही होगी. लौंग, गुलाब जल, शहद और एलोवेरा जेल से कुछ लोगों की त्वचा पर जलन या एलर्जी हो सकती है. इसलिए चेहरे पर लगाने से पहले हाथ के किसी छोटे हिस्से पर करीब 24 घंटे का पैच टेस्ट जरूर कर लेना चाहिए. यह जेल त्वचा को नम और तरोताजा महसूस कराने में मदद कर सकता है, लेकिन पिगमेंटेशन, मुंहासों या किसी मेडिकल स्किन कंडीशन का यह इलाज नहीं है.



















