मुंबई की सड़कों पर जन्माष्टमी के मौके पर होने वाला दही हांडी उत्सव हर साल लाखों लोगों को सड़कों पर उतार देता है, लेकिन इस बार यही भीड़ और जश्न कई गाड़ी चलाने वालों की जेब पर भारी पड़ गया. मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने उत्सव के दौरान ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला है.
शनिवार को कटे हजारों चालान
ट्रैफिक विभाग ने शनिवार को कुल 18,818 ई-चालान जारी किए, जिनके जरिए ₹1.92 करोड़ का फाइन लगाया गया. हांडी फोड़ने की प्रतियोगिताओं में जगह-जगह गोविंदाओं की टीमें मानव पिरामिड बनाकर लाखों रुपये की इनामी राशि वाली हांडियां फोड़ रही थीं, इसी दौरान पुलिस का यह अभियान भी साथ-साथ चल रहा था. सिर्फ यही नहीं, CCTV फुटेज की मदद से जिन गाड़ी चलाने वालों की पहचान बाद में हुई, उनके खिलाफ भी अलग से ई-चालान काटे जा रहे हैं, यानी जुर्माने का यह आंकड़ा आगे और बढ़ सकता है.
किन गलतियों पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने खास तौर पर उन्हीं वाहन चालकों को निशाना बनाया जिन्होंने उत्सव के दौरान यातायात नियमों को ताक पर रख दिया था. इसमें खतरनाक ढंग से और तय सीमा से ज्यादा रफ्तार में गाड़ी चलाना, बिना हेलमेट के बाइक चलाना, एक बाइक पर तीन-तीन सवारियां बैठाना और नो-एंट्री जोन में घुस जाना जैसे उल्लंघन शामिल थे. ये सभी गलतियां आम दिनों में भी खतरनाक मानी जाती हैं, लेकिन दही हांडी के दिन सड़कों पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच इनका खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
ट्रैफिक जाम बनी सबसे बड़ी वजह
आंकड़ों पर गौर करें तो सबसे ज्यादा चालान ट्रैफिक में रुकावट डालने को लेकर काटे गए. अकेले इसी वजह से 3,727 ई-चालान जारी किए गए, जो शनिवार के कुल चालानों में सबसे बड़ा हिस्सा है. जगह-जगह मानव पिरामिड बनाने और भीड़ जुटने की वजह से सड़कों पर वाहनों की आवाजाही वैसे ही धीमी हो जाती है, लेकिन गलत तरीके से गाड़ी रोकने और मनमाने ढंग से चलाने वालों ने इस जाम की समस्या को और बढ़ा दिया.





















