साउथ कोरिया के कंटेंट ने पिछले कुछ सालों में दुनियाभर के दर्शकों को अपनी कहानी कहने के अलग अंदाज से चौंका दिया है. यहां न रूमानी प्रेम कहानियां हैं, न ही सिर्फ मारपीट भरे एक्शन सीन, बल्कि समाज, इंसानी फितरत और डर की गहरी परतें खोलती कहानियां हैं. अगर आप कुछ हटके और दिलचस्प देखना चाहते हैं तो ये सात कोरियाई वेब सीरीज आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
स्क्विड गेम
नेटफ्लिक्स की यह सीरीज एक डरावनी सर्वाइवल कहानी है, जो समाज में मौजूद आर्थिक खाई पर सीधा वार करती है. कर्ज में डूबे और निराश हो चुके 456 लोगों को एक रहस्यमयी प्रतियोगिता में बुलाया जाता है, जहां जीतने वाले को 45.6 बिलियन कोरियाई वोन का इनाम मिलता है. अब तक इसके तीन सीजन आ चुके हैं. इसमें खेले जाने वाले गेम बचपन के मासूम खेलों, जैसे रेड लाइट, ग्रीन लाइट जैसे लगते हैं, मगर यहां हारने का मतलब है सीधा गोली खाकर मर जाना.
ऑल ऑफ़ अस आर डेड
यह साउथ कोरियाई ज़ॉम्बी हॉरर सीरीज ह्योसान हाई स्कूल की कहानी से शुरू होती है. स्कूल की पृष्ठभूमि पर बनी यह सीरीज एक्शन और तनाव से भरपूर है. कहानी उस पल से मोड़ लेती है, जब स्कूल के एक साइंस टीचर का प्रयोग बिगड़ जाता है और पूरे स्कूल में खतरनाक ज़ॉम्बी वायरस फैलने लगता है, जिसके बाद छात्रों की जिंदगी बचाने की जंग शुरू हो जाती है.
द ग्लोरी
यह सीरीज स्कूल में हुई क्रूर बुलिंग और उससे उपजे बदले की सिहरन भरी दास्तान है. इसकी मुख्य किरदार मून दोंग-यूं, जिसे सोंग हे-क्यो ने निभाया है, को हाई स्कूल के दौरान सहपाठियों से शारीरिक और मानसिक यातना झेलनी पड़ती है. पुलिस और स्कूल प्रबंधन भी अमीर परिवारों का पक्ष लेते हैं, जिस वजह से उसकी पूरी जिंदगी बर्बाद हो जाती है. यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है.
सिग्नल
अपराध और रहस्य पर आधारित यह लोकप्रिय कोरियाई ड्रामा ली जे-हून, किम हे-सू और चो जिन-वूंग जैसे कलाकारों को मुख्य भूमिकाओं में लेकर आया है. इसकी कहानी एक पुराने वॉकी-टॉकी के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसकी मदद से भूतकाल और वर्तमान में तैनात पुलिस अफसर आपस में संपर्क साधते हैं और सालों पुराने अनसुलझे मामलों की गुत्थी सुलझाते हैं.
माई नेम
महिला प्रधान इस क्राइम-रिवेंज थ्रिलर में खूब एक्शन देखने को मिलता है. यून जी-वू, जिसे हान सो-ही ने पर्दे पर उतारा है, अपने पिता की बेरहम हत्या अपनी आंखों के सामने होते देखती है. हत्यारे तक पहुंचने और बदला लेने की जिद में वह शहर के सबसे ताकतवर ड्रग माफिया सरगना की पनाह में चली जाती है.
किंगडम
ऐतिहासिक ड्रामा, राजनीतिक थ्रिलर और ज़ॉम्बी हॉरर का यह अनोखा मिश्रण प्राचीन कोरिया के जोसोन राजवंश के दौर में घटित होता है. राजा के बीमार पड़ने के बाद राज्य में एक रहस्यमयी बीमारी फैलनी शुरू होती है, जो मरे हुए लोगों को इंसानों को खा जाने वाले शैतानों में तब्दील कर देती है. ये प्राणी सिर्फ रात के अंधेरे में ही हमला करते हैं.
स्वीट होम
एक वेबटून से प्रेरित यह सीरीज मॉन्स्टर सर्वाइवल पर आधारित एक डरावनी कहानी है. इसका केंद्रीय किरदार चा ह्यून-सु एक अकेला रहने वाला हाई स्कूल छात्र है, जो एक हादसे में अपना पूरा परिवार खोने के बाद ग्रीन होम नाम की एक जर्जर इमारत में रहने आ जाता है, जहां से असली खौफ की शुरुआत होती है.
क्यों देखनी चाहिए ये सीरीज
इन सभी सीरीज की खासियत यह है कि इनमें न तो घिसी-पिटी लव स्टोरी है और न ही सिर्फ मारधाड़ पर टिकी कहानी. हर एपिसोड में इंसानी रिश्तों, सत्ता के खेल और डर के नए आयाम खुलते हैं, जो दर्शकों को आखिर तक स्क्रीन से नजरें हटाने नहीं देते.



















