बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म करण अर्जुन का सदाबहार गाना 'मुझको राणा जी माफ करना' लगभग तीन दशक बाद नए कलेवर में दर्शकों के सामने आया है। 'राणा जी 2.0' नाम से रीक्रिएट किए गए इस नए म्यूजिक वीडियो में बिग बॉस फेम माहिरा शर्मा अपने लटके-झटकों से लोगों का ध्यान खींचती नजर आ रही हैं। 90 के दशक में इस ओरिजनल गाने में अपनी अदाओं का जलवा बिखेरने वाली अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने अब इस नए रीमेक पर अपना खुलकर रिएक्शन दिया है।
ओरिजनल और नए वर्जन के बीच अंतर पर बोलीं ममता कुलकर्णी
हाल ही में वैराइटी इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में ममता कुलकर्णी ने माहिरा शर्मा के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि माहिरा ने इस गाने में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने दोनों गानों की प्रस्तुति और फील में आए बड़े बदलाव को रेखांकित किया। ममता कुलकर्णी ने बताया कि जब तीन दशक पहले यह गाना शूट हुआ था, तब इसमें पारंपरिक घाघरा चोली और विशुद्ध इंडियन डांस मूव्स शामिल थे।
ममता के अनुसार, नए 'राणा जी 2.0' को पूरी तरह से वेस्टर्न फॉर्मेट में ढाला गया है। उन्होंने कहा कि भले ही इसे नए जमाने के हिसाब से बदला गया है, लेकिन ओरिजनल गाने की बात ही कुछ और थी। पुराना 'मुझको राणा जी माफ करना' आज भी लोगों के दिलों और जहन में गहराई से बसा हुआ है। जब भी इस गाने का नाम लिया जाता है, तो ओरिजनल धुन और उसके स्टेप्स तुरंत लोगों के दिमाग में तैरने लगते हैं।
तनिष्क बागची का संगीत और रेमो डीसूजा की कोरियोग्राफी
नए रीक्रिएटेड ट्रैक 'राणा जी 2.0' का संगीत जाने-माने म्यूजिक कंपोजर तनिष्क बागची ने तैयार किया है, जबकि इसका निर्देशन और कोरियोग्राफी रेमो डीसूजा ने संभाली है। इस म्यूजिक वीडियो में माहिरा शर्मा लाल रंग की ड्रेस में डांस करती दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर इस रीमेक को लेकर दर्शकों के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है, जहां कुछ लोग इसे पसंद कर रहे हैं तो कुछ ओरिजनल गाने की सादगी को याद कर रहे हैं।
बता दें कि करण अर्जुन फिल्म के इस ओरिजनल ट्रैक को मशहूर गायिका अलका याज्ञनिक और इला अरुण ने अपनी आवाज दी थी। ममता कुलकर्णी पर फिल्माया गया यह गाना रिलीज के वक्त जबरदस्त हिट साबित हुआ था और आज भी भारतीय सिनेमा के आइकॉनिक गानों में गिना जाता है।
पहले ही दिन सीख लिए थे सारे डांस स्टेप्स
ममता कुलकर्णी ने इस ओरिजनल गाने की शूटिंग से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को भी ताजा किया। उन्होंने बताया कि जब कोरियोग्राफर चिन्नी प्रकाश ने इस गाने की शूटिंग की योजना बनाई थी, तो उन्होंने शुरुआती तौर पर दो से तीन दिनों की रिहर्सल का समय तय किया था। लेकिन ममता कुलकर्णी ने पहले ही दिन गाने के सभी डांस स्टेप्स सीख लिए थे, जिससे कोरियोग्राफर भी काफी प्रभावित हुए थे।
बॉलीवुड कमबैक और नई स्क्रिप्ट का इंतजार
लंबे समय तक लाइमलाइट से दूर रहने के बाद ममता कुलकर्णी हाल ही में भारत वापस लौटी हैं। भारत आगमन के बाद से ही उनके फैंस और मीडिया जगत में उनके बॉलीवुड कमबैक को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। फिल्मों में वापसी के सवाल पर ममता कुलकर्णी ने स्पष्ट किया कि उन्हें लगातार एक्टिंग के कई ऑफर मिल रहे हैं। हालांकि, वह जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहती हैं और एक बेहतरीन स्क्रिप्ट का इंतजार कर रही हैं। सही प्रोजेक्ट मिलते ही वह पर्दे पर वापसी कर सकती हैं।



















