‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की कामयाबी के बाद बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह अब अपने अगले प्रोजेक्ट ‘प्रलय’ की तैयारी में जुट गए हैं। लेकिन इन दिनों उनकी चर्चा फिल्म से ज्यादा एक विवाद की वजह से हो रही है। फरहान अख्तर की ‘डॉन 3’ से उनके बाहर होने की खबरों ने माहौल गर्म कर रखा है, और शायद यही वजह है कि उन्होंने मीडिया और पैपराजी से दूरी बना ली है। हाल ही में जब वे मुंबई में डायरेक्टर हंसल मेहता के दफ्तर के बाहर दिखे, तो उनका अंदाज ही सबसे ज्यादा चौंकाने वाला रहा।
सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी की ओर से इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में रणवीर हंसल मेहता के ऑफिस से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने ब्लैक टी-शर्ट के ऊपर मैचिंग ब्लेजर और ट्राउजर पहन रखा था। खास बात यह रही कि उन्होंने मास्क, डार्क सनग्लासेस और ब्लैक कैप से अपना चेहरा पूरी तरह ढक रखा था और बाहर मौजूद पैपराजी से एक शब्द भी बात नहीं की।
‘प्रलय’ को लेकर बड़ा अपडेट देंगे रणवीर?
रणवीर के इस रहस्यमय लुक को देखकर फैंस तरह-तरह के कयास लगाने लगे हैं। बहुत से लोग मान रहे हैं कि वे जल्द ही अपनी अगली फिल्म ‘प्रलय’ को लेकर कोई बड़ी जानकारी सामने रख सकते हैं। एक फैन ने लिखा, ‘रणवीर सिंह को हंसल मेहता के ऑफिस के बाहर देखा गया। क्या हमें उनके जन्मदिन पर प्रलय से जुड़ा कुछ देखने को मिल सकता है?’ बता दें कि रणवीर का जन्मदिन 6 जुलाई को पड़ता है। एक दूसरे यूजर ने कमेंट किया, ‘शायद यह उनकी नई फिल्म का लुक है और वे इसे अभी रिवील नहीं करना चाहते।’ वहीं एक और फैन ने सवाल उठाया, ‘यह ‘प्रलय’ का लुक है या ‘धुरंधर 3’ का?’
जॉम्बी सर्वाइवल थ्रिलर होगी ‘प्रलय’
अपनी इस अगली फिल्म से रणवीर सिंह बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करने की तैयारी में हैं। ‘प्रलय’ एक बड़े बजट की पोस्ट-अपोकैल्पिक जॉम्बी सर्वाइवल थ्रिलर होगी, जिसमें तबाही, दहशत और ऐसे खतरनाक विजुअल्स देखने को मिलेंगे जो भारतीय सिनेमा में पहले कभी नहीं दिखे। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म की कमान हंसल मेहता के बेटे जय मेहता संभाल रहे हैं, जो बतौर डायरेक्टर अपने करियर की शुरुआत इसी फिल्म से करने जा रहे हैं।
300 करोड़ का बजट और इंटरनेशनल टीम
फिल्म से जुड़ी चर्चाओं की मानें तो इसका बजट करीब 300 करोड़ रुपये के आसपास रखा गया है। जॉम्बी यूनिवर्स को भव्य और रियलिस्टिक लुक देने के लिए एक इंटरनेशनल टेक्निकल टीम को भी इस प्रोजेक्ट से जोड़ा गया है। फिल्म की स्क्रिप्ट जय मेहता ने ‘लुटेरे’ फेम राइटर विशाल कपूर के साथ मिलकर तैयार की है। रणवीर के अपोजिट फीमेल लीड को लेकर भी खूब बातें हो रही हैं। माना जा रहा है कि साउथ की पॉपुलर एक्ट्रेस कल्याणी प्रियदर्शन इस फिल्म में नजर आ सकती हैं। ‘लोका चैप्टर 1: चंद्रा’ की जबरदस्त कामयाबी के बाद वे ‘प्रलय’ के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू कर सकती हैं।













