आईडीबीआई बैंक के ग्राहकों को रविवार दोपहर से भारी परेशानी झेलनी पड़ी, जब बैंक की कई जरूरी सेवाएं अचानक ठप हो गईं। सोशल मीडिया पर ग्राहकों की शिकायतों की झड़ी लगने के बाद बैंक ने मैसेज भेजकर बताया कि मेंटेनेंस के चलते सेवाएं अस्थायी रूप से रोकी गई हैं।
कौन सी सेवाएं हुईं प्रभावित
बैंक ने बताया कि मेंटेनेंस शेड्यूल होने की वजह से ATM, कैश डिपॉजिट मशीन, डेबिट और प्रीपेड कार्ड, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी सभी बड़ी सेवाएं एक साथ बंद हो गईं। यानी इस दौरान ग्राहक न तो ATM से पैसे निकाल पाए, न कार्ड से भुगतान कर पाए और न ही ऑनलाइन लेनदेन कर सके।
कब से कब तक रहेगी सेवा बंद
बैंक के मुताबिक ये सभी सेवाएं दोपहर 1.45 बजे से लेकर 3.15 बजे तक बंद रहेंगी और उसके बाद दोबारा चालू हो जाएंगी। बैंक ने यह भी कहा कि सेवाएं करीब शाम 4 बजे तक पूरी तरह बहाल कर दी जाएंगी, लेकिन खबर लिखे जाने तक सर्विस दोबारा शुरू नहीं हो पाई थी, जिससे ग्राहकों की परेशानी और बढ़ गई।
बैंक ने मांगी माफी
आईडीबीआई बैंक ने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी है और अपील की है कि वे अपनी जरूरी बैंकिंग जरूरतों को इसी समयसीमा को ध्यान में रखकर मैनेज करें। बैंक की ओर से पहले भी ऐसी योजनाबद्ध मेंटेनेंस के दौरान सिस्टम अपडेट करने के लिए कुछ घंटों तक सेवाएं रोकी जाती रही हैं।


















