नई दिल्ली (यूपीएससी प्रीलिम्स स्ट्रैटेजी). देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शुमार यूपीएससी सीएसई को लेकर हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों के मन में अक्सर एक अलग ही चुनौती का भाव रहता है। परीक्षा का बदलता पैटर्न और प्रश्नों की बढ़ती जटिलता इस सफर को और कठिन बना देती है। तैयारी की शुरुआत करते ही छात्र अक्सर भारी-भरकम नोट्स और किताबों के जाल में उलझ जाते हैं। उन्हें लगता है कि जितना अधिक पढ़ेंगे, सफलता की संभावना उतनी ही मजबूत होगी, लेकिन यह सोच अक्सर भटकाव का कारण बन जाती है।
क्या केवल छह महीने की सीमित अवधि में यूपीएससी प्रीलिम्स पास किया जा सकता है? यूपीएससी एक्सपर्ट सत्यम जैन के मुताबिक यह लक्ष्य पूरी तरह हासिल किया जा सकता है, बशर्ते तैयारी का तरीका रटने के बजाय वैज्ञानिक और पूरी तरह अनुशासित हो। अगर आप इन छह महीनों को तय चरणों में विभाजित कर लें, पिछले सालों के पेपर्स की गहरी समझ बना लें और सीसैट को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें, तो सफलता पाना आसान हो जाता है। आइए जानते हैं कि कम समय में कौन सी सटीक रणनीति अपनाकर इस परीक्षा को क्रैक किया जा सकता है।
छह महीने में यूपीएससी प्रीलिम्स की तैयारी की चरणबद्ध रूपरेखा
इस सीमित समय में प्रभावी तैयारी के लिए पूरी प्रक्रिया को तीन मुख्य चरणों में बांटना सबसे समझदारी भरा कदम होता है। पहला और दूसरा महीना पूरी तरह से फाउंडेशन बिल्डिंग यानी बुनियादी अवधारणाओं को स्पष्ट करने के लिए होना चाहिए। इन शुरुआती 60 दिनों में ढेरों किताबें इकट्ठा करने के बजाय एनसीईआरटी और कुछ चुनिंदा स्टैंडर्ड बुक्स पर ही अपना पूरा फोकस रखें। रोजाना आठ से नौ घंटे की पढ़ाई के दौरान रिवीजन और पिछले साल के प्रश्नों के विश्लेषण के लिए समय जरूर निकालें।
इसके बाद तीसरा और चौथा महीना पूरी तरह से पीवाईक्यू और मॉक टेस्ट को समर्पित होना चाहिए। यह दौर केवल तथ्यों को याद करने का नहीं, बल्कि यूपीएससी की मानसिकता को बारीकी से समझने का है। वर्ष 2013 से लेकर अब तक के पुराने प्रश्न पत्रों का विश्लेषण करें और मैड यानी स्मार्ट फ्रेमवर्क का इस्तेमाल करके प्रश्नों के पूछने के पैटर्न को पकड़ें। पांचवां और छठा महीना फुल-लेंथ सिम्युलेशन के लिए होता है, जहां आखिरी 60 दिन पूरी तरह परीक्षा के वास्तविक माहौल में ढलने के काम आते हैं। बिल्कुल तय समय यानी सुबह 9:30 बजे और दोपहर 2:30 बजे फुल-लेंथ मॉक टेस्ट हल करें ताकि आपका टाइम मैनेजमेंट एकदम सटीक हो सके।
विषयों का चक्रव्यूह: न्यूनतम इनपुट और अधिकतम आउटपुट का गणित
यूपीएससी सीएसई के हर एक विषय को पढ़ने का एक स्मार्ट तरीका होता है, जिससे आप न्यूनतम मेहनत में अधिकतम अंक हासिल कर सकते हैं। राजव्यवस्था के खंड में नंबर पक्के करने के लिए एम. लक्ष्मीकांत और कक्षा 11 की एनसीईआरटी का मेल सबसे बेहतरीन साबित होता है। अर्थव्यवस्था के विषय को रटने के बजाय इसके प्रैक्टिकल एप्लिकेशन को समझें, जैसे रेपो रेट या इन्फ्लेशन का आम आदमी के जीवन पर क्या असर पड़ता है। इतिहास और भूगोल की बात करें तो आधुनिक भारत के लिए स्पेक्ट्रम पढ़ें और भूगोल के लिए एटलस पर मैपिंग का अभ्यास रोजाना 20 मिनट जरूर करें। साइंस और करंट अफेयर्स के मामले में फॉर्मूले रटने के बजाय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेस मिशन और आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक इस्तेमाल पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
सीसैट: सफलता का सबसे बड़ा रोड़ा और उसका पक्का इलाज
पिछले कुछ वर्षों के दौरान सीसैट के पेपर ने कई गंभीर और मेधावी अभ्यर्थियों के सपनों को तोड़ा है। इसे परीक्षा के आखिरी 45 दिनों के भरोसे छोड़ देना सबसे बड़ी भूल साबित हो सकती है, इसलिए इसकी शुरुआत नवंबर-दिसंबर से ही कर देनी चाहिए। जिन अभ्यर्थियों की गणित कमजोर है, वे रीजनिंग यानी ब्लड रिलेशंस और डायरेक्शन-डिस्टेंस को अपनी सबसे बड़ी ताकत बना सकते हैं, क्योंकि यहां एक्यूरेसी की संभावना 90 प्रतिशत तक होती है। इसके साथ ही अंग्रेजी के मूल वाक्यों पर भी लगातार नजर बनाए रखना एक स्मार्ट रणनीति के अंतर्गत आता है।
तैयारी के दौरान हमेशा बचें इन तीन बड़ी गलतियों से
छात्रों को किताबों का अंबार लगाने से बचना चाहिए क्योंकि दस अलग-अलग पब्लिकेशन की किताबें पढ़ने से बेहतर है कि एक ही मानक किताब को पांच बार पढ़ा जाए। इसके अलावा केवल मॉक टेस्ट देकर उसे भूल जाना सही नहीं है, बल्कि हर एक गलती का गहराई से विश्लेषण करें कि वह किसी कॉन्सेप्ट की कमी से हुई या फिर केवल जल्दबाजी में। इस लंबी और कठिन तैयारी के दौरान सेल्फ डाउट आना बेहद स्वाभाविक है, ऐसे में किसी अच्छे मेंटर या अनुशासित पियरGroup का साथ आपकी नैया आसानी से पार लगा सकता है।



















