नई दिल्ली। देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में शुमार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की ने कामकाजी पेशवरों के लिए एक नया ऑनलाइन कोर्स पेश किया है। मौजूदा समय में हर क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की मांग लगातार बढ़ रही है। चाहे तकनीकी क्षेत्र हो, डेटा विश्लेषण का काम हो या फिर उत्पाद प्रबंधन, एआई का ज्ञान अब केवल एक अतिरिक्त योग्यता नहीं बल्कि करियर में तरक्की हासिल करने के लिए सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। इसी बदलाव को समझते हुए संस्थान ने नौकरीपेशा लोगों के लिए यह विशेष पोस्टग्रेजुएट सर्टिफिकेट प्रोग्राम शुरू किया है।
कोर्स की मुख्य विशेषताएं और अवधि
इस पाठ्यक्रम का नाम बिल्डिंग एआई-पावर्ड बिजनेस एप्लिकेशंस रखा गया है। यह तकनीकी दक्षता को व्यावसायिक आवश्यकताओं के साथ जोड़ने का काम करता है। नौकरी करने वाले लोगों की व्यस्तताओं को ध्यान में रखते हुए इसकी कक्षाएं केवल सप्ताहांत यानी वीकेंड पर लाइव आयोजित की जाएंगी। इससे पेशेवर अपनी वर्तमान नौकरी को छोड़े बिना इस प्रतिष्ठित संस्थान का ऑनलाइन कोर्स सरलता से पूरा कर सकेंगे। इस पाठ्यक्रम की कुल अवधि 6 से 11 महीने तय की गई है जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों की व्यावहारिक शिक्षा दी जाएगी।
पाठ्यक्रम के दौरान क्या सिखाया जाएगा
यह पाठ्यक्रम कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग के बुनियादी सिद्धांतों से लेकर उन्नत स्तर तक की पूरी शिक्षा प्रदान करता है। इसमें पाइथन प्रोग्रामिंग, प्रेडिक्टिव मॉडलिंग, जनरेटिव एआई, लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग जैसे आधुनिक विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि विद्यार्थियों को एआई से जुड़ी हर जटिल प्रक्रिया बिल्कुल सरल तरीके से समझाई जा सके ताकि वे कार्यस्थल पर इसका तुरंत उपयोग कर सकें।
चार भागों में विभाजित किया गया है पूरा सिलेबस
आईआईटी रुड़की का यह विशेष सर्टिफिकेट प्रोग्राम कुल चार प्रमुख मॉड्यूल्स के तहत डिजाइन किया गया है। पहले चरण में एआई और मशीन लर्निंग के बुनियादी पहलुओं जैसे पाइथन, प्रेडिक्टिव मॉडलिंग और सांख्यिकीय निर्णय लेने की प्रक्रिया सिखाई जाती है। दूसरे चरण में जनरेटिव एआई, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, कस्टम एलएलएम एप्लीकेशन और आरएजी आर्किटेक्चर की जानकारी मिलती है। तीसरे चरण में एंटरप्राइज एआई डिप्लॉयमेंट के तहत एडब्ल्यूएस और एज्योर जैसे क्लाउड प्लेटफॉर्म्स पर एआई इंटीग्रेशन और एम एल ऑप्स सिखाया जाता है। चौथे और अंतिम चरण में एआई रणनीति और गवर्नेंस के अंतर्गत एथिकल एआई, एआई प्रोजेक्ट्स का रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट निकालना और संस्थागत बदलावों पर ध्यान केंद्रित किया जाता है।
व्यावहारिक अनुभव और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
इस ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर जोर नहीं दिया जाएगा बल्कि कैपस्टोन प्रोजेक्ट्स, वास्तविक जीवन के केस स्टडीज और प्रमुख एआई विकास मंचों पर काम करने का अवसर भी मिलेगा। इस कोर्स की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे संस्थान के प्रतिष्ठित प्रोफेसर और उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञ मिलकर पढ़ाएंगे। पाठ्यक्रम सफलता पूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की की तरफ से आधिकारिक तौर पर पोस्टग्रेजुएट सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सफल उम्मीदवारों को संस्थान की एग्जीक्यूटिव एलुमनाई मेंबरशिप भी प्राप्त होगी, जिससे उनका बायोडाटा मजबूत होगा और पेशेवर नेटवर्किंग का दायरा भी विस्तृत होगा।



















