साउथ अफ्रीका के उभरते हुए बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके ने अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में शतकीय पारी खेली है। कम समय में ही वनडे क्रिकेट में अपनी मजबूत पहचान बना चुके इस बल्लेबाज ने कंगारू गेंदबाजी आक्रमण के सामने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। इस मुकाबले में खेली गई उनकी पारी ने साउथ अफ्रीका को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
106 गेंदों पर ठोके 112 रन, बाउंड्री की लगाई झड़ी
इस मुकाबले में मैथ्यू ब्रीट्जके ने शुरुआत से ही संभलकर खेलते हुए 100 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। सैकड़ा जड़ने के बाद भी वे रुके नहीं और रन गति को बढ़ाते रहे। उन्होंने कुल 106 गेंदों का सामना किया और 112 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 14 चौके और 2 छक्के उड़ाए। हालांकि, एक रन लेने के प्रयास में गलत कॉल की वजह से वे रन आउट होकर पवेलियन लौट गए।
डरबन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ने वाले तीसरे प्रोटियाज बल्लेबाज
डरबन के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में शतक लगाने का कारनामा साउथ अफ्रीका के लिए अब तक बेहद कम खिलाड़ी कर पाए हैं। मैथ्यू ब्रीट्जके ऐसे केवल तीसरे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने इस वेन्यू पर कंगारू टीम के सामने सेंचुरी लगाई है। उनसे पहले साल 2006 में बोएटा डिप्पेनार ने 101 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा डेविड मिलर ने भी इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 118 रन बनाए थे। ब्रीट्जके अगर 7 रन और बना लेते, तो वे डरबन में डेविड मिलर के 118 रनों के 10 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देते, लेकिन वे इससे मामूली अंतर से चूक गए।
14 पारियों में 800 से ज्यादा रन और 67 का औसत
वनडे प्रारूप में मैथ्यू ब्रीट्जके का सफर अब तक बेहद प्रभावी रहा है। उन्होंने अब तक सिर्फ 14 वनडे पारियां खेली हैं और इस दौरान 800 से अधिक रन अपने खाते में जोड़ चुके हैं। उनके नाम अब 2 शतक और 7 अर्धशतक दर्ज हो चुके हैं, जिसमें उनका बल्लेबाजी औसत 67 के करीब बना हुआ है।
मार्को जानसेन की तूफानी फिफ्टी से 297 तक पहुंचा स्कोर
ब्रीट्जके की शतकीय पारी के दम पर साउथ अफ्रीका की टीम निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 297 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही। मैथ्यू के अलावा ऑलराउंडर मार्को जानसेन ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया। जानसेन ने महज 59 गेंदों का सामना करते हुए ताबड़तोड़ 75 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इन दोनों खिलाड़ियों की पारियों के दम पर साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 298 रनों का लक्ष्य रखा।



















