जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक लोकल क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे मैदान को स्तब्ध कर दिया। एक गेंदबाज अपना ओवर पूरा करने के कुछ ही पलों बाद मैदान पर अचानक गिर पड़ा। साथी खिलाड़ी उसे फौरन अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना भलेसा चिनाब प्रीमियर लीग यानी BCPL के तीसरे सीजन के दौरान हुई। मृतक खिलाड़ी की पहचान सुहैल के तौर पर हुई है, जो बादशाह 11 भलेसा टीम की तरफ से वाईसीसी जिमखाना किश्तवाड़ के खिलाफ मैदान में उतरे थे। हादसे के बाद मुकाबला बीच में ही रोकना पड़ा और पूरे मैदान में मातम छा गया। कुछ ही देर पहले तक जो माहौल पूरी तरह खेल में डूबा था, वह पल भर में सन्नाटे में बदल गया।
ओवर खत्म करते ही बिगड़ने लगी तबीयत
मैदान पर मौजूद लोगों के मुताबिक सुहैल ने अपना दूसरा ओवर पूरा किया था। ओवर खत्म होने के फौरन बाद वह अपने जूतों के फीते बांधने के लिए नीचे झुके। जैसे ही वह वापस खड़े हुए, उनकी तबीयत बिगड़ती हुई दिखी और वह संतुलन बनाने की कोशिश करने लगे। कुछ सेकंड तक खुद को संभालने के बाद वह चलने की कोशिश करने लगे, लेकिन अचानक वहीं मैदान पर गिर पड़े। यह नजारा देखकर साथी खिलाड़ी और मौजूद दर्शक तुरंत उनकी तरफ दौड़ पड़े और मदद के लिए जुट गए। उन्हें बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मैदान पर मौजूद लोगों के लिए यह पल किसी सदमे से कम नहीं था।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
कुछ साल पहले महाराष्ट्र के संभाजी नगर जिले में भी एक लोकल क्रिकेट मैच के दौरान इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां मैदान पर ही एक कप्तान की जान चली गई थी। सुहैल के मामले में मैच के लाइव प्रसारण में एक वाहन को मैदान के भीतर आते हुए भी देखा गया, जिसकी मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनकी मौत की सटीक वजह सामने नहीं आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा। सुहैल का परिवार जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। क्रिकेट जैसे शारीरिक मेहनत मांगने वाले खेल में मैदान पर अचानक तबीयत बिगड़ने की यह एक और मिसाल बनकर सामने आई है।
हादसे से पहले शानदार गेंदबाजी कर रहे थे सुहैल
हादसे से ठीक पहले सुहैल मैदान पर शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे। उन्होंने दो ओवर में सिर्फ 8 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए थे। इससे पहले उनकी टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 147 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, जिसमें आदिल मीर ने 38 गेंदों में तेज-तर्रार 75 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। इसी बड़े लक्ष्य का बचाव करने के इरादे से सुहैल गेंदबाजी करने उतरे थे और शुरुआती दो ओवर में अपनी टीम को अच्छी बढ़त दिला चुके थे। यह मुकाबला गंडोह तहसील के थलोरन इलाके में बने स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेला जा रहा था। हादसे की खबर फैलते ही टूर्नामेंट आयोजकों ने मैच को तुरंत रोक दिया और पूरे इलाके में मायूसी छा गई।











