घरेलू क्रिकेट के आगामी रणजी ट्रॉफी सत्र के शुरुआती मुकाबलों के लिए महाराष्ट्र की टीम ने सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। नियमित कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के इंडिया ए के साथ आगामी सीरीज में व्यस्त रहने के चलते यह फैसला लिया गया है। गायकवाड़ की गैरमौजूदगी में महाराष्ट्र टीम प्रबंधन ने कप्तानी का दायित्व शॉ के कंधों पर सौंपा है, जो हाल के दिनों में अपने निजी जीवन के उतार-चढ़ाव को लेकर चर्चा में रहे थे।
मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र टीम से जुड़े थे पृथ्वी
पृथ्वी शॉ पिछले साल ही घरेलू क्रिकेट में अपनी पुरानी टीम मुंबई का साथ छोड़कर महाराष्ट्र की टीम में शामिल हुए थे। घरेलू टूर्नामेंटों में लगातार रन बनाने के बाद भी वह लंबे समय से भारतीय राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह दोबारा नहीं बना पाए हैं। उनके खेल के सफर में मैदान के बाहर खड़े हुए विवादों और निजी परेशानियों ने बड़ी बाधा खड़ी की है। हाल के दिनों में उनकी सगाई टूटने की खबर भी सामने आई थी, जहां सगाई होने के केवल 6 महीने बाद ही उनकी मंगेतर के साथ उनका अलगाव हो गया।
अंडर-19 विश्व कप में दिखा चुके हैं कप्तानी का दम
कप्तानी के मोर्चे पर पृथ्वी शॉ का पुराना रिकॉर्ड शानदार रहा है। साल 2018 में अपनी अगुवाई में उन्होंने भारत को अंडर-19 विश्व कप का खिताब जिताया था। उस खिताबी जीत के बाद उन्होंने भारतीय सीनियर टीम में पर्दापण किया और आईपीएल में भी अपनी जगह बनाई। शुरुआत में उनका अंतरराष्ट्रीय करियर काफी धमाकेदार रहा, मगर समय बीतने के साथ उनके प्रदर्शन में निरंतरता की कमी देखने को मिली।
फिटनेस की समस्याओं और विवादों ने बढ़ाई दूरी
मैदान से बाहर के विवादों और फिटनेस संबंधी समस्याओं के चलते उनका फॉर्म धीरे-धीरे गिरता गया। इसका सीधा असर उनके करियर पर पड़ा और उन्हें भारतीय टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि उन्हें आईपीएल अनुबंध हासिल करने में भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें उनके बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल तो किया, लेकिन पूरे सत्र के दौरान उन्हें एक भी मैच की प्लेइंग इलेवन में खेलने का अवसर नहीं मिल सका। अब महाराष्ट्र की यह कप्तानी उनके करियर के लिए एक नया अवसर साबित हो सकती है।



















