राष्ट्रीय राजधानी के वीवीआईपी इलाके फिरोजशाह रोड पर स्थित कोठी नंबर 18 में चोरी की एक अजीबोगरीब वारदात सामने आई है। यह सरकारी आवास भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल का है। रविवार की सुबह जैसे ही इस बंगले में चोरी का पता चला, पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के जांच दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और परिसर की बारीकी से जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
खाली बंगले को बनाया निशाना
घटना के समय सांसद का यह सरकारी आवास पूरी तरह खाली था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती मुआयने में पता चला है कि चोर बाथरूम में लगी पानी की टोंटियां, जरूरी फिटिंग्स और बाहर लगा गटर का ढक्कन तक उखाड़ कर ले गए हैं। घर में किसी के मौजूद न होने के कारण यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अंदर से और क्या-क्या कीमती सामान या दस्तावेज गायब हुए हैं। सांसद के परिजनों के लौटने के बाद ही नुकसान का पूरा ब्योरा सामने आ सकेगा।
सीपीडब्ल्यूडी और रखरखाव कर्मचारियों पर नजर
लुटियंस जोन जैसे कड़ी सुरक्षा वाले क्षेत्र में नाली के ढक्कन और बाथरूम की टोंटियों की चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि आखिर यह चोरी किस इरादे से की गई। इस सिलसिले में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग यानी सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से भी संपर्क साधा गया है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि आवास के नियमित रखरखाव, मरम्मत और देखरेख के लिए हाल के दिनों में कौन-कौन से कर्मचारी या बाहरी लोग वहां आते-जाते रहे हैं।
परिजनों के पहुंचने के बाद साफ होगी तस्वीर
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी के लिए सांसद के परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक परिवार के सदस्य रविवार शाम तक दिल्ली पहुंचेंगे। उनके आने के बाद घर के हर हिस्से का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि पता चल सके कि चोरों ने केवल बाहरी फिटिंग्स और सैनिटरी सामान को ही निशाना बनाया या फिर घर के कमरों से अन्य जरूरी सामान भी चोरी हुआ है। पुलिस आसपास की गतिविधियों और संभावित संदिग्धों की धरपकड़ में जुटी हुई है।



















