पश्चिम बंगाल से राज्यसभा पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के सांसद मोहम्मद नदीमुल हक की मुश्किलें सोमवार को उस वक्त बढ़ गईं, जब प्रवर्तन निदेशालय की टीमें उनसे जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ पहुंच गईं। कोलकाता में उनके उर्दू अखबार के दफ्तर और घर से लेकर दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास तक, हर जगह लगभग एक साथ तलाशी शुरू हुई।
कोलकाता में सील जैसा माहौल, दिल्ली में भी दबिश
पार्क सर्कस इलाके के दरगा रोड पर स्थित उर्दू अखबार 'अखबार-ए-मशरिक' के दफ्तर में सुबह से ही ईडी की टीम डेरा डाले हुए है। बताया जा रहा है कि नदीमुल हक इसी अखबार के निदेशक हैं। तलाशी शुरू होते ही केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों ने पूरी बिल्डिंग को घेर लिया और एहतियातन मुख्य गेट बंद करा दिया गया, जिसके चलते इस दौरान न किसी को अंदर जाने दिया जा रहा है और न ही बाहर निकलने की इजाजत है। इसी के समानांतर दिल्ली में सांसद को अलॉट सरकारी आवास पर भी तलाशी चल रही है। यह आवास अस्थायी रूप से टीएमसी के दफ्तर के तौर पर भी इस्तेमाल होता रहा है, इसलिए इसे भी जांच के दायरे में रखा गया है।
वित्तीय गड़बड़ी के शक में जांच
ईडी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच का हिस्सा है। एजेंसी उन बैंकिंग रिकॉर्ड और दस्तावेजों को खंगाल रही है, जिनमें कथित तौर पर अनियमितता की आशंका जताई गई है। जांच सिर्फ नदीमुल हक के निजी खातों तक सीमित नहीं है, बल्कि 'अखबार-ए-मशरिक' से जुड़े वित्तीय हिसाब-किताब पर भी ईडी की सीधी नजर है।
सात शहरों से छपता है अखबार, हर केंद्र की पड़ताल
'अखबार-ए-मशरिक' सिर्फ कोलकाता से नहीं, बल्कि दिल्ली, रांची, आसनसोल, सिलीगुड़ी, भोपाल, लखनऊ और श्रीनगर से भी प्रकाशित होता है। इतने बड़े नेटवर्क को देखते हुए ईडी अब हर शहर के दफ्तर से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कागजातों की अलग-अलग जांच कर रही है, ताकि यह साफ हो सके कि कहीं फंड की आवाजाही में कोई अनियमितता तो नहीं हुई।
बिधाननगर की एफआईआर से जुड़ा है मामला
सूत्रों के मुताबिक ईडी की कोलकाता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी है। यह पूरी कार्रवाई बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर दर्ज ईसीआईआर से जुड़ी बताई जा रही है। एजेंसी अब उसी शिकायत में दर्ज आरोपों को वित्तीय दस्तावेजों के जरिए जोड़ने की कोशिश कर रही है, ताकि पूरे लेन-देन की तस्वीर साफ हो सके।



















