राजस्थान के सिरोही जिले से एक ऐसी कहानी सामने आई है जहां मनोरंजन और समाज सुधार एक साथ चल रहे हैं। यहां के युवा कलाकार आशीष माली हाथ की कठपुतली यानी हैंड पपेट कला को हथियार बनाकर बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने की सीख दे रहे हैं। उनकी इस अनोखी कोशिश को सिर्फ मंच पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी खूब सराहा जा रहा है।
माली काफी समय से हैंड पपेट शो के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं और दर्शकों से वाहवाही बटोर रहे हैं। उनके इस सफर का असली किरदार है चिंटू नाम का एक बंदर, जो हाथ की कठपुतली के रूप में बच्चों को हंसाता भी है और साथ ही उन्हें नशे से बचने तथा सेहतमंद जिंदगी जीने के तरीके भी सिखाता है। माली अब तक स्कूल और कॉलेज ही नहीं, बल्कि नशामुक्ति केंद्रों पर भी अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।
प्रेमानंद महाराज से मिली राह
इस पूरी कला की प्रेरणा आशीष को संत प्रेमानंद जी महाराज से मिली। माली बताते हैं कि प्रेमानंद जी महाराज के एक सत्संग के दौरान जब एक हैंड पपेट आर्टिस्ट ने अपनी प्रस्तुति दी तो महाराज बेहद प्रसन्न हुए थे। प्रेमानंद जी के भक्ति भाव ने उनके जीवन में सकारात्मकता भर दी। महाराज जी के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने लोक कला, भजन-कीर्तन और हास्य व्यंग्य को जोड़ती एक नई विधा को अपना लिया।
लगातार कड़ी मेहनत और अभ्यास का नतीजा यह है कि आज उनकी हर प्रस्तुति में भक्ति, सामाजिक संदेश और मनोरंजन तीनों का मेल नजर आता है। इस कलात्मक बदलाव ने आशीष को स्थानीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है और उनकी कला अब समाज सुधार का एक सशक्त जरिया बन चुकी है।
जयपुर और जोधपुर तक पहुंची धमक
आशीष माली के वीडियो और लाइव कार्यक्रम अब राजस्थान के कोने कोने तक पहुंच चुके हैं। गांव-देहात से लेकर जयपुर और जोधपुर जैसे बड़े शहरों तक लोग उनके अंदाज के दीवाने हैं। दर्शकों का कहना है कि उनकी कला में हंसी भी है और सीख भी, यही वजह है कि हर उम्र के लोग इसे पसंद करते हैं।
माली कहते हैं कि प्रेमानंद जी महाराज ने उन्हें यह सिखाया कि कला का मकसद सिर्फ लोगों का मनोरंजन करना नहीं, बल्कि समाज को जोड़ना और उसे सही दिशा दिखाना भी है। इसी सोच के साथ वह काम कर रहे हैं और अपनी कला के माध्यम से युवाओं तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचा रहे हैं।
जनगणना जागरूकता और राजस्थानी संस्कृति की चिंता
हाल ही में जब प्रशासन की ओर से जनगणना का काम चल रहा था, तब आशीष ने इसमें सहयोग करते हुए आम लोगों को जागरूक करने के लिए एक हैंड पपेट के साथ खास वीडियो भी तैयार किया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
आशीष चाहते हैं कि कलाकारों को उनकी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच मिले और राजस्थान की संस्कृति तथा कला को आगे बढ़ाया जाए, ताकि युवा अपने हुनर को सही जगह तक पहुंचा सकें। इस तरह वह न सिर्फ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व के प्रशासनिक कामों और कला के संरक्षण के लिए भी लगातार अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।













