मुंबई के ऐतिहासिक आजाद मैदान में रणवीर सिंह की आगामी फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग को लेकर विवाद गहरा गया है। यह पूरा मामला तब सामने आया जब मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने मैदान पर छह घंटे तक चली शूटिंग को लेकर गंभीर आपत्ति जताई। उनका तर्क था कि इस कमर्शियल फिल्म की शूटिंग के चलते युवाओं के पहले से निर्धारित इंटर-स्कूल क्रिकेट मैच रद्द करने पड़े। एसोसिएशन का मुख्य सवाल यह था कि जिस स्थान का इस्तेमाल युवा खिलाड़ी अपनी प्रैक्टिस और टूर्नामेंट के लिए करते हैं, वहां फिल्म की शूटिंग की अनुमति आखिर कैसे दी जा सकती है। इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद फिल्ममेकर हंसल मेहता ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और पूरी स्थिति पर खुलकर बात की है।
सभी अनुमतियां थीं पूरी
हंसल मेहता ने साफ किया कि फिल्म की प्रोडक्शन टीम ने शूटिंग से जुड़े सभी नियमों का पालन किया था और जरूरी मंजूरियां समय पर हासिल की थीं। उन्होंने मुंबई शहर में फिल्म शूटिंग के दौरान आने वाली प्रशासनिक बाधाओं की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि आज के समय में यहां फिल्म बनाना बेहद पेचीदा हो गया है। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, हंसल मेहता ने एक इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि प्रोडक्शन टीम ने सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया था। उन्होंने बताया कि टीम के पास खेल विभाग और पुलिस विभाग के साथ-साथ मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की भी हरी झंडी मौजूद थी। हंसल मेहता ने जोर देकर कहा कि मैदान पर उनकी शूटिंग पूरी तरह वैध थी और उनके पास संबंधित विभागों के सभी जरूरी अनुमति पत्र मौजूद हैं।
शूटिंग मंजूरियों का पेचीदा जाल
हंसल मेहता ने इस विवाद के बहाने मुंबई में फिल्म निर्माण से जुड़ी गहरी समस्याओं को उजागर किया। उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी चुनौती एक ही लोकेशन के लिए कई अलग-अलग विभागों के चक्कर काटना और उनकी मंजुरी का इंतजार करना है। उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि मुंबई को भारतीय सिनेमा का दिल माना जाता है, लेकिन वर्तमान हालात ऐसे हैं कि यह फिल्म शूटिंग के लिए सबसे कठिन शहरों में शुमार हो चुका है। हर विभाग का अपना अलग नियम, अपनी लंबी प्रक्रिया और शूटिंग रुकवाने का अधिकार होता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब आपके पास सभी वैध अनुमतियां होती हैं, तब भी अधिकारियों का बर्ताव ऐसा होता है जैसे आप बिना किसी अधिकार के वहां घुस आए हों।
दूसरे राज्यों का रुख करने को मजबूर फिल्ममेकर
हंसल मेहता का यह मानना है कि अनुमति लेने की इस थका देने वाली प्रक्रिया के कारण आज के फिल्ममेकर दूसरे राज्यों का रुख करने के लिए विवश हो रहे हैं। इन तमाम अड़चनों और आलोचनाओं के बावजूद, हंसल का मुंबई से एक गहरा भावनात्मक लगाव है और वे इसी शहर में अपनी फिल्में बनाते रहना चाहते हैं। दूसरी ओर, मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि शूटिंग की अनुमति जारी करने से पहले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से किसी तरह का विचार-विमर्श नहीं किया गया था, जबकि मैदान और उसकी पिचों की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के पास होती है। बात अगर फिल्म ‘प्रलय’ की करें तो यह एक सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं और इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह कहानी तबाही के बाद के ऐसे मुंबई शहर पर आधारित है जो जॉम्बी के खतरे का सामना कर रहा है।



















