कॉमेडियन समय रैना के डिजिटल शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का एक नया एपिसोड यूट्यूब पर रिलीज होने के साथ ही चर्चा का विषय बन गया है। इस खास कड़ी में जज और पैनलिस्ट के तौर पर कई जाने-पहमाने नाम मौजूद रहे। इनमें बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी, लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर और अभिनेता भुवन बाम और मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा शामिल हुए। शो के दौरान अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले समय रैना ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी के करियर और उनकी फिल्म चॉइस को लेकर जमकर मस्ती की और उनकी साल 2025 में आई फिल्म ‘थामा’ पर सवाल खड़े कर दिए।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी से समय रैना का सीधा सवाल
कार्यक्रम की शुरुआत में समय रैना ने सबसे पहले नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मौजूदगी पर उनका आभार जताया। लेकिन जल्द ही माहौल पूरी तरह मजाकिया रोस्टिंग में बदल गया। समय रैना ने नवाजुद्दीन का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने पर उन्हें भरोसा नहीं हो रहा है, मगर साथ ही उन्होंने सीधा सवाल दाग दिया कि उन्होंने फिल्म थामा आखिर क्यों की और क्यों बनाई। अचानक अपनी इस फिल्म का नाम सामने आने पर नवाजुद्दीन शुरुआत में थोड़ा चौंक गए। हालांकि उन्होंने बिना असहज हुए माहौल को संभाला और मुस्कुराकर जवाब दिया कि फिल्म बस बन गई तो बन गई। इस पर जब समय ने पूछा कि क्या उन्हें यह बात कहनी चाहिए थी, तो नवाज ने तंजिया लहजे में कहा कि जब बोल ही चुके हैं तो अब वह क्या कह सकते हैं।
सेक्रेड गेम्स का जिक्र और नवाज की हाजिरजवाबी
मजाक के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए समय रैना ने नवाजुद्दीन के सबसे चर्चित प्रोजेक्ट्स में से एक ‘सेक्रेड गेम्स’ का जिक्र छेड़ दिया। समय ने कहा कि उन्हें और दर्शकों को यह सीरीज बेहद पसंद आई थी। इसके बाद उन्होंने शरारती अंदाज में टिप्पणी की कि नवाज ड्रग्स, शराब और अय्याशी करने के बाद सीधे सेट पर पहुंच जाते थे। समय के इस कटाक्ष पर नवाजुद्दीन ने भी तुरंत हाजिरजवाबी दिखाई। उन्होंने बिना झिझके हंसते हुए कह दिया कि इस शो के मंच पर भी वह उसी तरह की तैयारी के साथ पहुंचे हैं। नवाज के इस त्वरित और बेबाक जवाब ने वहां बैठे सभी लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की फिल्म थामा का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन
जिस फिल्म ‘थामा’ को लेकर शो में मजाक उड़ाया गया, वह मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का अहम हिस्सा थी और इसे साल 2025 में सिनेमाघरों में उतारा गया था। निर्देशक आदित्य सरपोतदार के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी में पिशाचों की एक अनूठी दुनिया को पेश किया गया था। फिल्म की मुख्य स्टारकास्ट में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अलावा आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना और परेश रावल जैसे मंझे हुए कलाकार शामिल थे। हालांकि आलोचकों और सिनेमाप्रेमियों की ओर से इस फिल्म को मिली-जुली समीक्षाएं ही मिली थीं, लेकिन इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस पर इसने दमदार पकड़ बनाई। दुनिया भर के सिनेमाघरों से फिल्म ने कुल 187.59 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस दर्ज किया, जो 180 करोड़ रुपये के आंकड़े से कहीं अधिक रहा।



















