थाई खाने की क्रेविंग होना आम बात है, लेकिन हर बार बाहर जाकर महंगे रेस्टोरेंट में खाना खाना मुमकिन नहीं होता। ऐसे में अगर आप चाहें तो अपनी ही रसोई में मौजूद सब्जियों और कुछ खास थाई मसालों की मदद से एक क्रीमी और खुशबूदार वेज थाई ग्रीन करी तैयार कर सकते हैं। नारियल के दूध से बनने वाली यह करी उबले या स्टीम्ड चावल के साथ परोसी जाए तो स्वाद में बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा अनुभव देती है। आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और इसे बनाने का पूरा तरीका क्या है।
सब्जियों के लिए सामग्री
इस करी को बनाने के लिए सबसे पहले सब्जियां तैयार करनी होंगी। इसमें आधा कप लाल शिमला मिर्च, एक चौथाई कप हरी शिमला मिर्च, आधा कप जुकिनी, आधा कप मशरूम, आधा कप ब्रोकोली और आधा कप गाजर की जरूरत पड़ेगी। ये सभी सब्जियां करी को रंग-बिरंगा और पौष्टिक बनाती हैं।
थाई पेस्ट के लिए सामग्री
करी का असली स्वाद इसके पेस्ट में छिपा होता है। इसके लिए 1 बड़ा चम्मच धनिया के बीज, 1 बड़ा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच काली मिर्च, 1/5 कप लेमन ग्रास, आधा कप प्याज, 6 हरी मिर्च, 2 इंच थाई अदरक, तीन लाइम के पत्ते, 10 से 12 कली लहसुन और आधा कप हरा धनिया लगेगा। इसके अलावा पेस्ट को पकाने और ग्रेवी तैयार करने के लिए 4 बड़े चम्मच तेल, एक कप नारियल का दूध, 2 कप पानी, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च, 8 पत्ते थाई बेसिल और स्वादानुसार नमक भी चाहिए होगा।
थाई करी बनाने का तरीका
सबसे पहले गैस पर एक पैन गर्म करें और उसमें धनिया के बीज, जीरा और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह भून लें। भुनने के बाद इन्हें मिक्सर जार में डालें और साथ ही हरी मिर्च, थाई अदरक, तीन लाइम के पत्ते, 10 से 12 कली लहसुन और आधा कप हरा धनिया भी डाल दें। अब इन सभी चीजों को मिक्सर में बारीक पीस लें, इससे आपका थाई पेस्ट तैयार हो जाएगा।
इसके बाद लाल शिमला मिर्च, हरी शिमला मिर्च, जुकिनी, मशरूम, ब्रोकोली और गाजर को छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक कड़ाही गैस पर रखें, उसमें तेल डालकर गर्म करें और फिर सभी कटी हुई सब्जियां डालकर हल्का सा भून लें। सब्जियां भुनने के बाद उन्हें कड़ाही से निकालकर अलग रख दें।
अब उसी कड़ाही में बचे हुए तेल में तैयार थाई पेस्ट डालें और तब तक भूनें जब तक इसका रंग हल्का ब्राउन न हो जाए। पेस्ट अच्छी तरह भुनने के बाद इसमें भुनी हुई सब्जियां और पानी डालकर अच्छी तरह पकाएं। जैसे ही यह मिश्रण उबलने लगे, इसमें एक कप नारियल का दूध डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब गैस की आंच मीडियम रखते हुए इसे पकने दें। जब ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी हो जाए, तब गैस बंद कर दें। आपकी रेस्टोरेंट स्टाइल वेज थाई ग्रीन करी बनकर पूरी तरह तैयार है, जिसे गरमागरम चावल के साथ परोसा जा सकता है।


















