शाम की हल्की भूख लगे और कुछ चटपटा खाने का मन हो, तो मखाना चाट से बेहतर कोई विकल्प नहीं. यह रेसिपी न केवल स्वाद में शानदार है बल्कि सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद है. घर पर आसानी से और झटपट बनने वाली यह चाट बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है.
मखाना: सेहत का बेहतरीन स्नैक
मखाना को कमल गट्टा या फॉक्स नट के नाम से भी जाना जाता है. यह एक ऐसा सुपरफूड है जो पोषण से भरपूर होते हुए भी कैलोरी में अपेक्षाकृत कम है. प्रति 100 ग्राम मखाने में 347 से 362 कैलोरी होती हैं. साथ ही इसमें 9.7 ग्राम प्रोटीन, 76.9 ग्राम कार्बोहाइड्रेट और 14.5 ग्राम डाइटरी फाइबर की मात्रा पाई जाती है. मैग्नीशियम, पोटैशियम और फॉस्फोरस जैसे खनिज तत्व भी इसमें अच्छी मात्रा में होते हैं. इसका एक बड़ा फायदा यह है कि यह पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे बार-बार खाने की तलब नहीं होती. यही वजह है कि वजन घटाने की कोशिश में लगे लोग भी इसे बेझिझक अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं.
मखाना चाट की सामग्री
- मखाना (जरूरत के अनुसार)
- लाल मिर्च पाउडर
- आमचूर
- चाट मसाला
- नमक (स्वादानुसार)
- बारीक कटे टमाटर, प्याज और खीरा
- हरी चटनी
- इमली की चटनी
- भुनी हुई मूंगफली
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनिया
इस तरह बनाएं मखाना चाट
एक भारी तले का पैन धीमी आंच पर गर्म करें. उसमें मखानों को बिना तेल के या बहुत कम तेल में सुनहरे और कुरकुरे होने तक सेंकें. जब ये अच्छे से भुन जाएं तो पैन से उतारकर अलग रख दें.
अब मसाले तैयार करें. एक चौड़े बाउल में लाल मिर्च पाउडर, आमचूर, चाट मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद बारीक कटे टमाटर, प्याज और खीरे डालें. हरी चटनी और इमली की चटनी डालकर पूरे मिश्रण को एकसार कर लें.
अब भुने हुए मखाने इस मिश्रण में डालें और हल्के हाथों से पलटें ताकि मसाला और चटनी हर मखाने पर बराबर चढ़ जाए और वे टूटें नहीं. सबसे आखिर में ऊपर से हरा धनिया और भुनी हुई मूंगफली डालकर एक बार और धीरे से मिलाएं.
गर्म परोसें, ताजा खाएं
मखाना चाट बनते ही तुरंत परोसें. जितनी जल्दी परोसेंगे, मखाने उतने ही कुरकुरे रहेंगे. ज्यादा देर रखने पर चटनी मखानों में समा जाती है और उनका कुरकुरापन खत्म हो जाता है. यह रेसिपी शाम के नाश्ते के रूप में बाजार की तली-भुनी चीजों का एक बढ़िया स्वास्थ्यवर्धक विकल्प साबित होती है.













