झारखंड के बोकारो जिले के फुसरो बाजार में एक साधारण इडली अब लोगों की जुबान पर चढ़ चुकी है। यहां एक चलती-फिरती स्टॉल पर बिकने वाला इडली बर्गर और इडली चाट केवल 10 रुपये में मिलता है और इसका स्वाद चखने के लिए लोग दूर-दूर से यहां पहुंचते हैं।
स्टॉल चलाने वाले सुनील बताते हैं कि ग्राहकों की पसंद को भांपते हुए उन्होंने साधारण इडली से कुछ नया करने की सोची। धीरे-धीरे उन्होंने अलग-अलग प्रयोग शुरू किए और आज उनकी दुकान पर सबसे ज्यादा मांग इडली बर्गर और इडली चाट की ही रहती है।
कैसे बनता है यह खास इडली बर्गर
सुनील ने इसकी रेसिपी के बारे में बताया कि सबसे पहले नरम इडली को बीच से काटा जाता है। इसके बाद इसे बर्गर बन की तरह आकार दिया जाता है और अंदर बादाम वाली खास चटनी की स्टफिंग भरी जाती है। फिर इसमें बारीक कटा प्याज और सलाद के छोटे टुकड़े डाले जाते हैं। आखिर में इसे सेव और मीठी इमली की चटनी से गार्निश कर ग्राहकों को परोसा जाता है। यही मिश्रण इस इडली बर्गर को बाकी स्ट्रीट फूड से अलग बनाता है।
रोजाना 200 पीस की बिक्री
सुनील अपनी यह चलती फिरती स्टॉल फुसरो बाजार में रोजाना दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक लगाते हैं। इन पांच घंटों में ही वह करीब 200 पीस इडली बर्गर बेच लेते हैं, जो बताता है कि यह स्टॉल स्थानीय लोगों के बीच कितना लोकप्रिय हो चुका है।
13 किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचते हैं ग्राहक
इडली बर्गर खाने पहुंचे ग्राहक रवि कुमार साह ने बताया कि वह नावाडीह के रहने वाले हैं। उनका कहना है कि उनके इलाके में यह स्वाद कहीं और नहीं मिलता, यही वजह है कि वह करीब 13 किलोमीटर का सफर तय करके सिर्फ इस इडली बर्गर को खाने के लिए यहां आते हैं। उनकी यह बात बताती है कि सुनील की यह स्टॉल अब सिर्फ फुसरो तक सीमित नहीं रह गई, बल्कि आसपास के इलाकों में भी इसकी पहचान बन चुकी है।











