फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल अब सिर्फ एक फुटबॉल मैच नहीं रह गया है, सोशल मीडिया पर यह पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की एक पुरानी इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर भी चर्चा में है. यह खिताबी मुकाबला अर्जेंटीना और स्पेन के बीच न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा, और इसी मैच से ठीक पहले धोनी का करीब 10 साल पुराना एक पोस्ट अचानक वायरल हो गया है.
सेमीफाइनल जीत के बाद शुरू हुई चर्चा
माजरा तब शुरू हुआ जब अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. इसके साथ ही धोनी की जून 2016 की एक इंस्टाग्राम पोस्ट फिर से सामने आ गई. उस वक्त धोनी जिम्बाब्वे दौरे पर टीम इंडिया के कप्तान थे और वहीं से उन्होंने यह पोस्ट शेयर की थी.
प्लेस्टेशन पर स्पेन बनाम अर्जेंटीना खेलते दिखे थे धोनी
इस पुरानी पोस्ट में धोनी अकेले नहीं बल्कि मनदीप सिंह, जयदेव उनादकट, अक्षर पटेल और करुण नायर के साथ नजर आ रहे हैं. तस्वीर में साफ दिख रहा है कि धोनी प्लेस्टेशन पर फीफा का गेम खेल रहे हैं, और पोस्ट के कैप्शन में लिखा था स्पेन बनाम अर्जेंटीना. यही कैप्शन अब सुर्खियां बटोर रहा है, क्योंकि दस साल बाद ठीक यही दोनों टीमें असल जिंदगी में फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में आमने-सामने खड़ी हैं. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर यूजर्स इसे धोनी की भविष्यवाणी बता रहे हैं और कह रहे हैं कि पूर्व भारतीय कप्तान को दस साल पहले ही आभास हो गया था कि एक दिन अर्जेंटीना और स्पेन फाइनल में टकराएंगे.
खिताब बचाने उतरेगी अर्जेंटीना
मैदान की बात करें तो फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतर रही है. पिछली बार अर्जेंटीना ने फाइनल में फ्रांस को हराकर खिताब अपने नाम किया था. अब अर्जेंटीना की कोशिश होगी कि वह लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप का खिताब जीते. विश्व कप के इतिहास में ऐसा कारनामा सिर्फ एक बार हुआ है, जब साल 1962 में ब्राजील लगातार दूसरी बार चैंपियन बना था. अगर अर्जेंटीना यह खिताब जीत लेती है, तो वह ब्राजील के बाद ऐसा करने वाली दूसरी टीम बनकर इतिहास रच देगी.
16 साल बाद खिताब की तलाश में स्पेन
दूसरी तरफ स्पेन की टीम आखिरी बार साल 2010 में फीफा वर्ल्ड कप जीती थी. अब 16 साल बाद स्पेन के पास एक बार फिर चैंपियन बनने का शानदार मौका है. अर्जेंटीना और स्पेन, दोनों के लिए यह फाइनल सिर्फ एक खिताब जीतने का मुकाबला नहीं बल्कि अपनी टीम को फुटबॉल इतिहास में खास जगह दिलाने का मौका भी है, और यही वजह है कि इस मैच से पहले हर तरफ इसी की चर्चा हो रही है, चाहे वो मैदान पर होने वाला खेल हो या फिर धोनी की दस साल पुरानी वायरल पोस्ट.





















