खेल जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां पुर्तगाल के 25 वर्षीय फुटबॉलर क्वेविन कास्त्रो का एक दोस्ताना मुकाबले के दौरान मैदान पर गिर जाने के बाद निधन हो गया. शनिवार को हुई इस अचानक दुर्घटना के बाद से खिलाड़ियों और प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है.
प्री-सीजन मैच के दौरान हुआ यह दुखद हादसा
यह दर्दनाक घटना मालवीरा स्थित एस्टादियो डास सेइक्सास स्टेडियम में घटी. क्वेविन कास्त्रो अपनी टीम रियल स्पोर्ट क्लब की तरफ से एस्त्रेला डी अमाडोरा के खिलाफ सत्र पूर्व यानी प्री-सीजन फ्रेंडली मुकाबला खेल रहे थे. इसी दौरान वह अचानक मैदान पर गश्त खाकर गिर पड़े. लिस्बन फुटबॉल संघ और उनके मौजूदा क्लब रियल स्पोर्ट क्लब ने शनिवार को आधिकारिक रूप से उनके निधन की पुष्टि की. रियल स्पोर्ट क्लब ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि क्वेविन कास्त्रो सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं थे, बल्कि उनके परिवार के अहम सदस्य थे और उन्होंने मैदान के भीतर व बाहर हर इंसान के दिल पर अपनी छाप छोड़ी थी.
पूर्व क्लब वेस्ट ब्रोमविच एल्बियन देगा खास श्रद्धांजलि
कास्त्रो के असामयिक निधन से उनका पूर्व इंग्लिश फुटबॉल क्लब वेस्ट ब्रोमविच एल्बियन भी गहरे शोक में है. क्लब ने उनके जाने पर दुख जताया और घोषणा की कि रविवार को बर्नले के खिलाफ होने वाले उनके मुकाबले में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी. इस मैच के दौरान खिलाड़ी अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर उतरेंगे. साथ ही, कास्त्रो की उम्र और उनकी याद का सम्मान करने के लिए मैच के 25वें मिनट में पूरा स्टेडियम तालियां बजाकर उन्हें याद करेगा.
सोशल मीडिया पर उमड़ा प्रशंसकों का दर्द
क्वेविन कास्त्रो को फुटबॉल की दुनिया में एक उभरती हुई प्रतिभा के रूप में देखा जा रहा था. यही वजह है कि उनके इस तरह अचानक चले जाने से प्रशंसकों को गहरा धक्का लगा है. सोशल मीडिया पर खेल प्रेमी लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. इसके अलावा इंटरनेट पर उनके शानदार खेल और गोल के पुराने वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनके जरिए प्रशंसक इस युवा खिलाड़ी को याद कर रहे हैं.



















