गुरुग्राम के बहुचर्चित हिट एंड रन मामले में मुख्य आरोपी कल्याण बैसला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुल 5 विशेष टीमों का गठन किया है, जो लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। घटना घटे 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी अभी तक कानून की गिरफ्त से बाहर है। पुलिसकर्मी गोल्फ कोर्स रोड और उसके आसपास के तमाम इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रहे हैं, ताकि इस दुर्घटना से जुड़े हर एक तथ्य की सत्यता की पुष्टि की जा सके और आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
घटना के बाद जब मीडिया टीम आरोपी कल्याण बैंसला के पैतृक गांव टिकरी स्थित आवास पर पहुंची, तो वहां का माहौल काफी तनावपूर्ण और बंद नजर आया, जहां किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। हालांकि, आरोपी के परिवारजनों और पड़ोसियों ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मामले को मामूली टक्कर करार दिया। कल्याण बैंसला के परिवार से जुड़े जितेंद्र ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वे बचपन से कल्याण को देख रहे हैं और उनका परिवार बेहद सुलझा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि वायरल वीडियो देखने से साफ है कि कल्याण ने जानबूझकर कोई टक्कर नहीं मारी थी। उनके अनुसार, कल्याण तो सिर्फ यह कहने गया था कि गाड़ी अपनी लाइन में चलाइए। उस वक्त गाड़ी में कल्याण के साथ उसकी बुआ का लड़का भी मौजूद था। टक्कर लगने के बाद शायद कल्याण घबरा गया और इसी वजह से मौके से भाग निकला। परिवार का कहना है कि कल्याण में किसी भी तरह की बुरी आदत नहीं थी और न ही उसने गाड़ी चलाते समय शराब का सेवन किया था।
फिलहाल कल्याण बैंसला के घर पर केवल उनकी दादी मौजूद हैं, जिन्होंने इस पूरे हंगामे पर हैरानी जताते हुए कहा कि कल्याण ने ऐसा कौन सा बहुत बड़ा अपराध कर दिया है। उन्होंने बताया कि वह कभी पंद्रह दिन में तो कभी महीने भर में घर आता है, लेकिन अब स्थिति ऐसी हो गई है कि कभी पुलिस आ रही है तो कभी अन्य लोग घर पर आ धमके हैं। उन्होंने खुद को केवल एक पड़ोसी बताते हुए ज्यादा जानकारी न होने की बात कही और लोगों से परेशान न करने की गुहार लगाई। दूसरी ओर, दुर्घटना का शिकार हुई बाइक राइडर सिया के पिता रोशन ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले ही थाने में लिखित शिकायत दी जा चुकी है और मामला भी दर्ज करा दिया गया है। स्थानीय अधिकारियों से भी इस संदर्भ में विस्तृत बातचीत हो चुकी है।
सिया के पिता रोशन ने आगे बताया कि पुलिस आज दिल्ली में बयान दर्ज करने के लिए आने वाली है। उन्होंने जिस प्रकार से गाड़ी से टक्कर मारने की कोशिश की है, उसे देखते हुए इस मामले में केवल सामान्य हिट एंड रन नहीं बल्कि हत्या के प्रयास यानी अटेम्प्ट टू मर्डर की धाराएं भी लगाई जानी चाहिए, क्योंकि जिस तरह से पीछा करते हुए वीडियो में दिख रहा है, उससे साफ नीयत का पता चलता है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कॉलेज के समय से ही बाइक चलाती आ रही है और पहले कभी इस तरह की कोई दुर्घटना नहीं हुई थी। उनकी बेटी एक सोशल वर्कर है और घटना के समय वह काफी डर गई थी, इसी वजह से उसने शुरुआत में अपने पिता को इस बारे में नहीं बताया। जब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तो उन्हें बहुत गुस्सा आया कि उनकी बेटी ने इतनी बड़ी बात उनसे छिपा ली थी।



















