समुद्री रास्ते से जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की तैयारी में लश्कर, खुफिया एजेंसियों ने चेतायाभारत
2 घंटे पहले· 1

समुद्री रास्ते से जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की तैयारी में लश्कर, खुफिया एजेंसियों ने चेताया

जमीनी रास्तों से घुसपैठ नाकाम होने के बाद पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा अब समुद्री रास्ते से जम्मू-कश्मीर में आतंकियों का नेटवर्क बढ़ाने की साजिश रच रहा है, खुफिया एजेंसियों ने आगाह किया है.

जम्मू-कश्मीर और पंजाब की सीमाओं पर भारत की चौकसी इतनी सख्त हो चुकी है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए जमीनी रास्ते से घुसपैठ कराना अब लगभग नामुमकिन हो गया है. यही वजह है कि संगठन ने अब समुद्री और जलमार्गों के जरिए आतंकियों को भारत भेजने की नई साजिश रचनी शुरू कर दी है. खुफिया एजेंसियों को मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की मदद से लश्कर उन जलमार्गों का बारीकी से अध्ययन कर रहा है, जिनका इस्तेमाल कर जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को फिर से तेज किया जा सके. सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इसके पीछे मकसद 2008 जैसे किसी बड़े हमले को दोहराना भी हो सकता है.

जमीनी रास्ता बंद, तो समुद्र की तरफ रुख

सूत्रों के मुताबिक, हाल के महीनों में ऑपरेशन सिंदूर के बाद से घुसपैठ की कई कोशिशें हुईं, लेकिन हर बार भारतीय सुरक्षा बलों ने आतंकियों की योजना को नाकाम कर दिया. सीमा पर बढ़ी निगरानी और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के चलते जमीनी रास्ते से भारत में दाखिल होना आतंकियों के लिए बेहद मुश्किल हो चुका है. यही दबाव अब लश्कर को समुद्री रास्तों की तरफ धकेल रहा है.

ये भी पढ़ें

2008 मुंबई हमले की याद दिलाती रणनीति

खुफिया अधिकारियों का कहना है कि जलमार्गों का इस्तेमाल लश्कर के लिए कोई नई बात नहीं है. साल 2008 के मुंबई आतंकी हमले में भी लश्कर के 10 आतंकवादी समुद्री रास्ते से ही भारत पहुंचे थे. फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार संगठन का मकसद सीधे किसी एक बड़े हमले तक सीमित नहीं बताया जा रहा, बल्कि जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकियों की तादाद बढ़ाना मुख्य लक्ष्य बताया जा रहा है.

चिनाब-तावी नदियां और अखनूर सेक्टर रडार पर

इंटेलिजेंस इनपुट बताते हैं कि जम्मू सेक्टर में चिनाब और तावी नदियां लश्कर के निशाने पर हैं. खासतौर पर अखनूर सेक्टर को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि यहां घने जंगल, नदी और जलाशयों का फायदा उठाकर पहले भी घुसपैठ की कोशिशें हो चुकी हैं. आशंका है कि आतंकी कोहरे और अंधेरे की आड़ में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने की योजना बना सकते हैं. अगर वे इस रास्ते से भारत में दाखिल होने में कामयाब हो गए, तो जम्मू-कश्मीर में अपने पुराने नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करना उनके लिए आसान हो जाएगा.

सर क्रीक और हरामी नाला भी संभावित रास्ते

जम्मू-कश्मीर के अलावा गुजरात से सटे सर क्रीक और हरामी नाला इलाके को भी संभावित घुसपैठ मार्ग के तौर पर देखा जा रहा है. इन इलाकों में नियमित गश्त लगाना चुनौतीपूर्ण है, इसलिए आतंकी इनका फायदा उठाने की फिराक में रह सकते हैं. सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि अगर आतंकी गुजरात के रास्ते भारत में दाखिल होने में सफल हो जाते हैं, तो उन्हें सड़क मार्ग से जम्मू-कश्मीर तक पहुंचाने की कोशिश की जा सकती है.

50 से 100 आतंकियों का नेटवर्क खड़ा करने की साजिश

सूत्रों का दावा है कि लश्कर-ए-तैयबा का लक्ष्य जम्मू-कश्मीर में 50 से 100 सक्रिय पाकिस्तानी आतंकियों का नेटवर्क तैयार करना है. इस मकसद को पूरा करने के लिए संभावित घुसपैठियों को बड़े पैमाने पर समुद्री प्रशिक्षण दिया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, यह प्रशिक्षण पाकिस्तान के मंगला डैम क्षेत्र में चल रहा है, वही जगह जहां 26/11 मुंबई हमले में शामिल आतंकियों को भी ट्रेनिंग दी गई थी.

भारत की जवाबी तैयारी भी उतनी ही मजबूत

हालांकि सुरक्षा एजेंसियों का साफ कहना है कि इस साजिश को अमली जामा पहनाना लश्कर के लिए आसान नहीं होगा. गृह मंत्रालय पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर स्पीडबोट, वाटरक्राफ्ट, फ्लोटिंग बॉर्डर आउटपोस्ट, अत्याधुनिक निगरानी उपकरण और दिन-रात देखने वाले उपकरणों की मदद से चौकसी लगातार बढ़ाई गई है. अधिकारियों का मानना है कि पाकिस्तान के भीतर बलूचिस्तान, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और खैबर पख्तूनख्वा में बढ़ती अस्थिरता के बीच लश्कर जम्मू-कश्मीर में किसी बड़ी आतंकी वारदात के जरिए अपने नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने और अंतरराष्ट्रीय ध्यान भटकाने की कोशिश कर सकता है.

सवाल-जवाब

लश्कर-ए-तैयबा अब भारत में घुसपैठ के लिए किस रास्ते का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है?
जमीनी रास्तों से घुसपैठ मुश्किल होने के बाद संगठन अब समुद्री और जलमार्गों के जरिए आतंकियों को भारत भेजने की योजना बना रहा है.
यह रणनीति नई क्यों नहीं मानी जा रही?
क्योंकि 2008 के मुंबई हमले में भी लश्कर के 10 आतंकवादी समुद्री रास्ते से ही भारत पहुंचे थे.
कौन से इलाके सबसे ज्यादा संवेदनशील माने जा रहे हैं?
जम्मू सेक्टर में चिनाब और तावी नदियां तथा अखनूर सेक्टर के अलावा गुजरात से सटे सर क्रीक और हरामी नाला इलाके संवेदनशील माने जा रहे हैं.
लश्कर का मुख्य लक्ष्य क्या बताया जा रहा है?
सूत्रों के मुताबिक लश्कर जम्मू-कश्मीर में 50 से 100 सक्रिय पाकिस्तानी आतंकियों का नेटवर्क तैयार करना चाहता है.
घुसपैठियों को प्रशिक्षण कहां दिया जा रहा है?
जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण पाकिस्तान के मंगला डैम क्षेत्र में दिया जा रहा है, जहां 26/11 हमले के आतंकियों को भी ट्रेनिंग मिली थी.
भारत की सुरक्षा एजेंसियां इस साजिश से निपटने के लिए क्या कर रही हैं?
गृह मंत्रालय के मुताबिक सीमाओं पर स्पीडबोट, वाटरक्राफ्ट, फ्लोटिंग बॉर्डर आउटपोस्ट और अत्याधुनिक निगरानी उपकरणों से चौकसी लगातार बढ़ाई गई है.
संपादकीय नीति सुधार नीति

टिप्पणियाँ 0

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं — पहली टिप्पणी आपकी हो!

नागरिक पत्रकारिता

TrendKia पत्रकार बनें

जनता की आवाज़

अपने आसपास की ख़बरें, तस्वीरें और वीडियो ट्रेंडकिआ के साथ साझा करें और अपनी आवाज़ देश तक पहुँचाएँ। हर नागरिक एक पत्रकार।

अभी जुड़ें
CH 01 लाइव
TrendKia TV ON AIR