अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए न्यू मैक्सिको राज्य का नाम बदलकर "न्यू अमेरिका" करने का सुझाव दिया है, जिसके बाद राज्य में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है।
ट्रंप ने पोस्ट में क्या लिखा
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि कई लोगों ने न्यू मैक्सिको, जिसे उन्होंने अब तक के "सबसे बड़े वोट-धांधली वाले राज्यों" में गिना, का नाम बदलकर न्यू अमेरिका करने का सुझाव दिया है। उन्होंने लिखा,
"यह उस राज्य के लोगों के लिए कहीं ज्यादा प्रतिष्ठित और खूबसूरत होगा।"पोस्ट के आखिर में उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की और खुद को "राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप" लिखकर हस्ताक्षर किया।
वायरल नक्शे से शुरू हुआ विवाद
खबरों के मुताबिक, ट्रंप की यह पोस्ट एक ऑनलाइन वायरल नक्शे के सामने आने के बाद आई, जिसमें न्यू मैक्सिको को पहले से ही "न्यू अमेरिका" के नाम से दिखाया गया था। यह नक्शा असल में एक हॉक्स था, यानी कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं था, लेकिन साझा होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया। फैक्ट-चेक में यह भी साफ हुआ कि ट्रंप ने न्यू मैक्सिको का नाम बदलने को लेकर अभी तक कोई कार्यकारी आदेश जारी नहीं किया है, यानी यह फिलहाल सिर्फ एक सोशल मीडिया पोस्ट भर है।
न्यू मैक्सिको के अधिकारियों का पलटवार
न्यू मैक्सिको के अधिकारियों ने ट्रंप के इस सुझाव को खारिज कर दिया है। राज्य प्रशासन ने साफ कर दिया कि इस तरह का नाम बदलाव उन्हें मंजूर नहीं है।
नाम बदलने का ट्रंप का पुराना ट्रैक रिकॉर्ड
डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में यह पहला मौका नहीं है जब उन्होंने किसी जगह का नाम बदलने की बात कही हो। इससे पहले उनके प्रशासन ने मेक्सिको की खाड़ी यानी गल्फ ऑफ मेक्सिको का नाम बदलकर गल्फ ऑफ अमेरिका कर दिया था, जिसे गूगल ने भी अमेरिकी उपयोगकर्ताओं के लिए गूगल मैप्स में लागू कर दिया। इसके अलावा उन्होंने लेक ओंटारियो का नाम बदलकर "लेक अमेरिका" करने की बात भी कही थी और कहा था कि हो सकता है वे मजाक नहीं कर रहे हों। फोर्ट ब्रैग जैसे कुछ अन्य स्थानों के नाम भी उनके प्रशासन के दौरान बदले जा चुके हैं।

























