राजस्थान के धौलपुर जिले में निहालगंज थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में हुई सनसनीखेज डकैती के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। 28 जुलाई को शादी का झूठा प्रस्ताव लेकर पहुंचे बदमाशों ने 60 वर्षीय सायरा खातून को हथियार दिखाकर बंधक बना लिया था और घर से भारी नकदी व जेवर समेटकर रफूचक्कर हो गए थे। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 4 आरोपियों को दबोच लिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, नकदी और हथियार भी जब्त किए गए हैं।
शादी के बहाने घर में दाखिल हुआ था गिरोह
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वारदात की शुरुआत 28 जुलाई को हुई थी। उस दिन दुर्गा कॉलोनी स्थित सायरा खातून के घर एक महिला और पुरुष पहुंचे। उन्होंने परिवार के किसी लड़के के लिए शादी का रिश्ता तय करने की बात कही और बातों-बातों में घर के अंदर दाखिल हो गए। कुछ ही देर बाद उनके 4 अन्य साथी भी एक छोटे बच्चे के साथ वहां आ पहुंचे। घर में प्रवेश करते ही इन लोगों ने अपना असली रंग दिखाया और सायरा खातून व उनके परिजनों को डराकर 12 बोर के अवैध देसी कट्टे की नोक पर ले लिया।
टेप से बांधे हाथ-पैर और लूट ली पूरी गृहस्थी
बदमाशों ने बुजुर्ग सायरा खातून को जान से मारने की धमकी दी और उनके हाथ तथा पैर प्लास्टिक टेप से कसकर बांध दिए। इसके बाद उन्होंने पूरे घर को खंगाला। आरोपी घर से 1.5 लाख रुपये की नकदी, सोने और चांदी के कीमती जेवरात, 3 मोबाइल फोन, परिवादी की बैंक पासबुक और कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लूटकर फरार हो गए थे। पीड़िता के परिजनों ने तुरंत निहालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
तकनीकी जांच और दो राज्यों में ताबड़तोड़ दबिश
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया। जांच अधिकारी ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बदमाशों के सुराग जुटाए। पुलिस की टीमों ने राजस्थान के साथ-साथ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के कई संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल 4 मुख्य आरोपियों बंटी, तेजसिंह, गुड्डू ठाकुर उर्फ निरोत्तम सिंह और रंजीता को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
हथियार, पल्सर बाइक और नकदी बरामद
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल, 7 हजार रुपये की नकदी और पीड़िता की बैंक पासबुक बरामद की है। इसके अतिरिक्त, आरोपी गुड्डू ठाकुर की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 12 बोर का एक अवैध देसी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस भी पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फरार चल रहे अन्य साथियों की तलाश कर रही है तथा बाकी बची नकदी और सोने-चांदी के जेवर बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।



















