राजस्थान के करौली जिले में स्थित हिण्डौन सिटी से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही खून का सौदा कर पारिवारिक दुश्मनी साधने की खौफनाक साजिश रची। खेड़े का पुरा इलाके के रहने वाले रामदेव जाटव ने अपनी महज 8 माह की मासूम बेटी को जमीन पर पटककर मौत के घाट उतार दिया। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद उसने पूरे मामले को मोड़ देने और अपने सगे भाई के कुनबे को सलाखों के पीछे भिजवाने के लिए पुलिस में एक मनगढ़ंत शिकायत दर्ज कराई थी।
झूठी कहानी बनाकर रिश्तेदारों पर मढ़ा था कत्ल का आरोप
घटनाक्रम के मुताबिक, यह वारदात 28 अक्टूबर को अंजाम दी गई थी। आरोपी रामदेव जाटव ने अपनी बच्ची को बेरहमी से जमीन पर दे मारा, जिससे उसने दम तोड़ दिया। इसके तुरंत बाद उसने पुलिस के पास पहुंचकर दावा किया कि उसके तीन भतीजों और उनकी पत्नियों ने घर में घुसकर मारपीट की और उसी दौरान बच्ची की जान ले ली। इस चाल का मुख्य मकसद अपने सगे भाई के परिवार को कानूनी शिकंजे में फंसाकर पुरानी रंजिश का बदला लेना था।
जांच में खुली साजिश, आरोपी पिता सलाखों के पीछे
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। नई मंडी थाना पुलिस और विशेष दल ने जब घटना से जुड़े साक्ष्यों और पारिवारिक पृष्ठभूमि की बारीकी से पड़ताल की, तो रंजिश और विवाद की असली तस्वीर सामने आ गई। लगातार पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद यह साफ हो गया कि हत्या किसी बाहरी या रिश्तेदार ने नहीं, बल्कि खुद पिता ने ही की थी। सच्चाई उजागर होने पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।



















