अमेरिका के यूजीन में आयोजित विश्व एथलेटिक्स अंडर 20 चैम्पियनशिप में भारतीय एथलीटों ने शानदार आगाज किया है। पुरूषों की भालाफेंक प्रतियोगिता में 19 वर्षीय आशीष यादव ने भारत के लिए पहला पदक हासिल करते हुए रजत पर कब्जा जमाया। उन्होंने प्रतियोगिता के तीसरे दौर में 74.09 मीटर की दूरी तय करते हुए भाला फेंका और पोडियम में दूसरा स्थान सुनिश्चित किया। इसी स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे एक अन्य एथलीट टी धरणीधरन ने भी सराहनीय प्रयास किया और 72.35 मीटर थ्रो के साथ छठे पायदान पर रहे।
नीरज चोपड़ा के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय
आशीष यादव का यह प्रदर्शन उनके निजी सर्वश्रेष्ठ थ्रो से महज 40 सेंटीमीटर कम रहा। इससे पहले मार्च महीने में पटियाला में आयोजित इंडियन ओपन थ्रो प्रतिस्पर्धा के दौरान उन्होंने 74.49 मीटर की दूरी तय कर अपना सर्वश्रेष्ठ निजी रिकॉर्ड बनाया था। 19 साल के आशीष अब दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के बाद विश्व जूनियर चैंपियनशिप के जेवलिन थ्रो इवेंट में मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। गौरतलब है कि नीरज चोपड़ा ने साल 2016 में पोलैंड में 86.48 मीटर का विश्व जूनियर रिकॉर्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक जीता था और उनका यह रिकॉर्ड आज भी कायम है। यूजीन में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के जान हेंड्रिक हेमैंस ने 80.50 मीटर थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
ऊंची कूद में पूजा सिंह और लंबी कूद में दो एथलीट फाइनल में पहुंचे
भालाफेंक के अलावा अन्य मैदान स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी जगह पक्की की। महिलाओं की ऊंची कूद स्पर्धा में नेशनल सीनियर रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाली पूजा सिंह ने अपनी लय बरकरार रखी। उन्होंने 1.79 मीटर की ऊंचाई सफलता से पार कर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। दोनों क्वालीफिकेशन ग्रुप में 1.79 मीटर की बाधा पार करने वाली एथलीटों को खिताबी मुकाबले में प्रवेश मिला। दूसरी ओर पुरूषों की लंबी कूद प्रतियोगिता में भारत के दो एथलीटों ने अंतिम दौर के लिए क्वालीफाई किया। शाहनवाज खान ने क्वालीफिकेशन ग्रुप ए में 7.79 मीटर की छलांग लगाकर ग्रुप में चौथा और ओवरऑल 5वां स्थान पाया। उनके साथ जितिन अर्जुन ने 7.57 मीटर की कूद लगाकर ओवरऑल 12वें स्थान के साथ फाइनल में प्रवेश किया।
400 मीटर रेस में मोहम्मद अशफाक आठवें स्थान पर रहे
ट्रैक मुकाबलों की बात करें तो पुरूषों की 400 मीटर स्पर्धा के फाइनल में मोहम्मद अशफाक 46.20 सेकंड का समय लेकर 8वें स्थान पर रहे। इससे एक दिन पहले उन्होंने पहले दौर की हीट में अंडर 20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड ध्वस्त कर फाइनल में जगह बनाई थी। इस स्पर्धा में अमेरिका के जेडेन डेलोन ने 44.47 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि अमेरिका के ही किंसी विल्सन ने 44.62 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया। दक्षिण अफ्रीका के लीन्डर्ट के को कांस्य पदक मिला। वहीं महिलाओं की भालाफेंक स्पर्धा में भारत की पूनम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं। वह अपने क्वालीफिकेशन ग्रुप में 8वें और कुल 13वें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं।



















