उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले ऑनरेरी कैप्टन बब्बन राम ने 68 वर्ष की उम्र में खेल के मैदान में एक मिसाल कायम की है। भारतीय सेना में तीन दशकों तक देश की सेवा करने के बाद जब अधिकांश लोग विश्राम का जीवन चुनते हैं, तब बब्बन राम ने ट्रैक और स्वीमिंग पूल में अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की। साल 2009 में सेना से सेवामुक्त होने के 12 साल बाद मैदान पर लौटे इस जांबाज खिलाड़ी ने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर अब तक 50 पदक अपने नाम कर लिए हैं।
सैन्य सेवा के दौरान खेलों की दुनिया में कदम
गाजीपुर के रामपुर उर्फ साधोपुर गांव के निवासी बब्बन राम ने भारतीय सेना की 150 फील्ड रेजिमेंट में गनर के रूप में अपने सैन्य करियर की शुरुआत की थी। अपनी लगन और निष्ठा के बल पर वे आगे बढ़ते हुए ऑनरेरी कैप्टन के पद तक पहुंचे। सेना में तैनाती के दौरान उनके तत्कालीन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल गुरबख्श सिंह सिहोटा ने उनकी खेल प्रतिभा को पहचाना और उन्हें खेलकूद में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद बब्बन राम ने तैराकी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू कर दिया। उन्होंने अपनी रेजिमेंटल प्रतियोगिताओं से लेकर कमांड स्तर तक की कई स्पोर्ट्स मीट में अपनी छाप छोड़ी और अनेक पदक जीते।
स्मार्टफोन के जरिए खुली मैदान में वापसी की राह
वर्ष 2009 में करीब 30 साल की लंबी सैन्य सेवा पूरी करने के बाद कैप्टन बब्बन राम अपने पैतृक गांव लौट आए। गांव में सामान्य जीवन बिताते समय उनके बेटे ने उन्हें नया तकनीक सीखने और स्मार्टफोन चलाने की सलाह दी। स्मार्टफोन का इस्तेमाल शुरू करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए वेटरन्स एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के बारे में जानकारी मिली। इसी डिजिटल माध्यम ने उनके भीतर सोए हुए एथलीट को फिर से जगाया और साल 2021 में बरेली में आयोजित नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता के जरिए उन्होंने प्रतिस्पर्धी खेलों में ऐतिहासिक वापसी की। इस प्रतियोगिता की 100 मीटर बाधा दौड़ में उन्होंने सिल्वर मेडल जीतकर अपनी दूसरी पारी का शानदार आगाज किया।
50 पदकों की उपलब्धि और वेटरन्स चैंपियनशिप में जलवा
वापसी के बाद से बब्बन राम ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य मिलाकर लगभग 50 पदक हासिल किए हैं। वे हर साल दो से तीन राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में नियमित रूप से हिस्सा लेते हैं। 5वीं वेटरन्स स्पोर्ट्स एंड गेम्स नेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने अपनी बेहतरीन क्षमता का प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक जीते। इनमें तैराकी की 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 50 मीटर फ्रीस्टाइल के साथ-साथ एथलेटिक्स की 100 मीटर बाधा दौड़ और 4×400 मीटर रिले स्पर्धा शामिल हैं।
गंगा किनारे भोर 4 बजे का कठोर अभ्यास
इस उम्र में भी उनकी इस जबरदस्त फिटनेस का मुख्य आधार सेना में सीखा अनुशासन है। कैप्टन बब्बन राम रोज सुबह करीब चार बजे उठ जाते हैं। इसके बाद वे गंगा नदी के किनारे रेत पर कई किलोमीटर दौड़ लगाते हैं, नदी में तैराकी करते हैं और फिर योग का अभ्यास करते हैं। उनका कहना है कि वे भविष्य में भी इसी तरह राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहेंगे और देश व अपने क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।


















