पाली जिले की एक बेटी ने अपनी काबिलियत के बल पर अंतरराष्ट्रीय फलक पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है. रोहट क्षेत्र के हरावास गांव से ताल्लुक रखने वाली अनिता पटेल को अमेरिका की नामी सॉफ्टवेयर कंपनी ऑरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर (OFSS) में एसोसिएट एप्लिकेशंस डेवलपर के पद पर चुना गया है. इस वैश्विक स्तर की सफलता के बाद उनके घर और पूरे इलाके में जश्न का माहौल है.
जटिल वित्तीय सॉफ्टवेयर के विकास की जिम्मेदारी
अपनी इस नई कॉर्पोरेट भूमिका में अनिता ग्लोबल स्तर पर बड़े पैमाने के वित्तीय सॉफ्टवेयर तैयार करने, उनके विकास और रखरखाव से जुड़े अहम तकनीकी कामों को संभालेंगी. ग्रामीण परिवेश और सीमित साधनों के बीच पली-बढ़ी अनिता ने यह साबित कर दिया है कि पक्का इरादा हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती.
गांव में हुआ पारंपरिक स्वागत और सम्मान
इस बड़ी कामयाबी के बाद रोहट कस्बे के हरावास हाउस में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर स्थानीय लोगों और गणमान्य नागरिकों ने अनिता का पारंपरिक तरीके से साफा बंधवाकर और फूलों की माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया तथा उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
युवाओं और बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा स्रोत
छोटे से गांव से निकलकर दुनिया की शीर्ष तकनीकी कंपनियों में से एक तक पहुंचने का उनका सफर आसपास की तमाम बेटियों और युवाओं के लिए एक नई मिसाल बन गया है. उनकी इस उपलब्धि ने ग्रामीण इलाकों के बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा दी है.



















