समंदर के किनारे या उसके ऊपर घर बनाना ही अपने आप में रोमांच से भरा सपना है, लेकिन जरा सोचिए कि कोई आपसे पूछे कि क्या आप पानी की तह में, समुद्र के भीतर बने घर में रहना चाहेंगे? पहली बार सुनने पर यह किसी फिल्मी कल्पना जैसा लगता है, मगर यह हकीकत बनने जा रहा है। यूएई के शहर शारजाह में ठीक ऐसा ही हो रहा है, जहां समुद्र के अंदर एक पूरी आलीशान सोसायटी आकार ले रही है और लोग सचमुच इन घरों में रह सकेंगे।
शारजाह के शासक शेख डॉ. सुल्तान बिन मोहम्मद अल कासमी ने हाल ही में शारजाह के कल्बा इलाके में समुद्र के भीतर घर बनाने वाले इस अनोखे प्रोजेक्ट का ऐलान किया। यह अकेली कोई इमारत नहीं, बल्कि कल्बा शहर की पूरी तस्वीर बदल देने वाले बड़े मास्टर प्लान 'खोर कल्बा सिटी' का सबसे खास हिस्सा है। पानी की तह में बनने वाले ये घर देखने में जितने अनोखे होंगे, उतने ही आकर्षक भी। खास बात यह है कि दुनिया में अभी तक कहीं भी इस तरह का कोई प्रोजेक्ट मौजूद नहीं है।
इसी दिसंबर तक खुल सकते हैं ये घर
समुद्र की तह में बन रहे ये घर इसी दिसंबर तक तैयार होकर खुल सकते हैं। इतना ही नहीं, इन्हें पर्यटकों के लिए भी खोला जा सकता है, ताकि दुनिया भर से आने वाले लोग इस नजारे को करीब से देख सकें। जैसे ही यह प्रोजेक्ट पूरा होगा, शारजाह दुनिया के सबसे अनोखे और रोमांचक घरों को देखने का ठिकाना बन जाएगा।
क्या है इस प्रोजेक्ट में खास
यह परियोजना कोई रातोंरात खड़ी हुई योजना नहीं है। पिछले 7 साल से इस पर काम चल रहा था और अब इसकी रफ्तार तेज कर दी गई है। आने वाले दिनों में समुद्र के भीतर घर का सपना सच होता दिख सकता है।
- प्रोजेक्ट का मकसद सिर्फ आलीशान घर बनाना नहीं है, बल्कि कल्बा के पुरातात्विक और ऐतिहासिक महत्व को बचाते हुए इस शहर को पर्यटन, आराम और विलासिता का नया केंद्र बनाना है।
- समुद्र की तह पर बने ये घर इसी दिसंबर में खुलने की उम्मीद है।
- दिसंबर में शारजाह में और भी कई चीजें शुरू होने जा रही हैं, जैसे नई सड़कें, कॉर्निश यानी समुद्री किनारा, मुआवजा आवास, अल हयार झील, वादी अल हेलो रोड्स और पर्यटन से जुड़ी कई बड़ी और खास परियोजनाएं।
फिलहाल शारजाह के शासक शेख डॉ. सुल्तान बिन मोहम्मद अल कासमी की ओर से यह साफ नहीं किया गया है कि इस प्रोजेक्ट में कुल कितने घर बनाए जा रहे हैं। समुद्र के भीतर ये घर कितने बड़े होंगे, इनमें 1 बीएचके और 2 बीएचके होंगे या इससे भी बड़े, इस बारे में जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।
क्या नोएडा-गुरुग्राम जितनी होगी कीमत
चूंकि अभी घरों के आकार का ही खुलासा नहीं हुआ है, इसलिए इनकी कुल कीमत को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। सवाल यह है कि क्या इन घरों की कीमत दुबई के पॉश इलाकों या बुर्ज खलीफा के अंदर मिलने वाले अपार्टमेंट और नोएडा-गुरुग्राम के अल्ट्रा लग्जरी फ्लैटों के बराबर होगी या उनसे भी ज्यादा। दिलचस्प बात यह है कि भारत के गुरुग्राम और दुबई के मुकाबले शारजाह में घरों की कीमत यूं भी करीब 40 फीसदी कम रहती है, लेकिन समुद्र की तह वाला यह खास प्रोजेक्ट यहां कीमतें ऊपर ले जा सकता है।
यह भी मुमकिन है कि शुरुआत में इन घरों को बेचा ही न जाए और पहले सिर्फ किराये पर दिया जाए, और बाद में इन्हें बिक्री के लिए खोला जाए। इन तमाम बातों का खुलासा आने वाले समय में ही होगा।
दुबई की राह पर शारजाह
गौर करने वाली बात यह है कि शारजाह सरकार पिछले कई सालों से कल्बा के पूर्वी तट को दुबई की तर्ज पर आधुनिक बनाने में जुटी है। इसमें विरासत को सहेजना, नए पर्यटन स्थल, बेहतर सड़कें और प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा सब कुछ शामिल है। जिस रफ्तार से काम हो रहा है, उसे देखते हुए वह दिन दूर नहीं जब शारजाह भी दुबई की तरह दुनिया का सबसे पसंदीदा अमीरात बन जाएगा। समुद्र के अंदर घर वाली यह परियोजना शारजाह को और आकर्षक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।











