बिहार के मुंगेर जिले में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके तार सीधे पाकिस्तान के एक बदनाम गैंगस्टर से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद सद्दाम नाम का यह युवक पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा भाई के सीधे संपर्क में था और अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर किसी बड़ी आतंकी वारदात की साजिश रच रहा था। मामला सुरक्षा के लिहाज से इतना संवेदनशील माना जा रहा है कि अब केंद्रीय जांच और सुरक्षा एजेंसियों को भी इसमें शामिल कर लिया गया है।
देर रात छापेमारी में हत्थे चढ़ा आरोपी
पूरा मामला मुंगेर के तारापुर थाना क्षेत्र के मिलिक थानपुर गांव का है। पुलिस को यहां किसी संदिग्ध गतिविधि की खुफिया सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने देर रात गांव की घेराबंदी कर छापेमारी की। इसी छापेमारी में मोहम्मद सद्दाम को दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक जैसे ही टीम गांव में दाखिल हुई, आरोपी ने भागने की कोशिश की और भागते-भागते पास की झाड़ियों में एक देसी पिस्तौल छिपा दी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वह पिस्तौल भी बरामद कर ली। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जो अब जांच की सबसे अहम कड़ी बन गया है।
मुंबई में रहते हुए बना पाकिस्तानी नेटवर्क से रिश्ता
पूछताछ में मोहम्मद सद्दाम ने जो जानकारी दी, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। सद्दाम पिछले दो-तीन साल से मुंबई में रह रहा था और वहीं रहते हुए वह सीमा पार के एक संदिग्ध नेटवर्क और राणा भाई नाम के शख्स के संपर्क में आया। पुलिस ने बताया कि उसके मोबाइल फोन की जांच में कई पाकिस्तानी नंबर मिले हैं और सोशल मीडिया के जरिए भी वह इसी नेटवर्क से जुड़ा हुआ पाया गया। यह सुराग पुलिस के लिए इस बात की पुष्टि करते हैं कि सद्दाम का जुड़ाव किसी छोटे-मोटे मामले से नहीं, बल्कि एक संगठित सीमा पार नेटवर्क से रहा है।
दो साथी अब भी फरार, बीएनएस और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोहम्मद सद्दाम अकेले नहीं, बल्कि अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। फिलहाल उसके दोनों साथी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है। मुंगेर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 113(3)(5) के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की कई गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अब केंद्रीय एजेंसियां भी खंगालेंगी पूरा नेटवर्क
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेर पुलिस इसे बेहद संवेदनशीलता से ले रही है और हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। सीनियर अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से भी समन्वय स्थापित कर लिया गया है, ताकि इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती दौर में ही है और आरोपी के मोबाइल से मिले डेटा के साथ-साथ अन्य सभी तथ्यों का बारीकी से सत्यापन किया जा रहा है, ताकि इस पूरे संदिग्ध सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।











