राजधानी दिल्ली से एक बड़ा हादसा सामने आया है। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके के पास एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही आसपास अफरातफरी मच गई और मौके पर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
दोपहर 1:30 बजे मिली हादसे की सूचना
फायर डिपार्टमेंट को आज दोपहर करीब 1:30 बजे इस हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। जो जगह हादसे का शिकार बनी, वह दिल्ली के मोतीबाग इलाके से सटा हुआ हिस्सा बताई जा रही है, जहां आसपास कई रिहायशी और कोचिंग से जुड़ी इमारतें मौजूद हैं।
मलबे में दब सकते हैं कई छात्र
बताया जा रहा है कि जो पांच मंजिला इमारत गिरी है, वह छात्रों के हॉस्टल के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी, इसलिए मलबे में कई छात्रों के भी दबे होने की आशंका जताई जा रही है। इस वजह से रेस्क्यू टीमें बेहद सावधानी से मलबा हटाने में जुटी हैं ताकि किसी और को चोट न पहुंचे। अब तक न तो घायलों की पक्की संख्या सामने आई है और न ही यह साफ हो सका है कि अंदर असल में कितने लोग मौजूद थे।
दिल्ली में पहले भी हो चुके ऐसे हादसे
यह पहला मौका नहीं जब राजधानी में इमारत गिरने की खबर आई हो। इससे पहले दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास भी एक बिल्डिंग गिरने से स्टूडेंट्स के दबने की आशंका जताई गई थी, जिसने पुरानी और घनी बसी इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए थे।


















