गर्मियों के मौसम में लगभग हर घर में आम की बहार रहती है, लेकिन आम खाने के बाद बचे छिलके अक्सर बिना सोचे कूड़ेदान में डाल दिए जाते हैं। अगर आपके घर में बालकनी है या आप गमलों में पौधे लगाने के शौकीन हैं, तो इन छिलकों को फेंकने से पहले एक बार रुकें। इनसे आप बिल्कुल मुफ्त में एक असरदार नेचुरल लिक्विड फर्टिलाइजर बना सकते हैं, जो आपके पौधों को रासायनिक खाद की जरूरत से भी आजाद कर देगा।
आम के छिलकों में छुपा है पौधों का असली पोषण
आम के छिलकों को सिर्फ बेकार कचरा समझना गलत है। इनमें पोटैशियम पाया जाता है जो पौधों में फूलों और फलों की बेहतर ग्रोथ के लिए जरूरी पोषक तत्व है। इसके साथ ही इनमें एक नेचुरल ऑर्गेनिक उर्वरक भी होता है जो मिट्टी की सेहत को सुधारता है। सबसे बड़ा फायदा यह है कि एक बार आम के छिलकों का यह ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर इस्तेमाल करने के बाद मिट्टी में अलग से रासायनिक खाद डालने की जरूरत नहीं पड़ती। पौधे नेचुरली हरे-भरे और स्वस्थ बने रहते हैं।
घर पर लिक्विड फर्टिलाइजर बनाने का पूरा तरीका
इसे बनाना बेहद आसान है। सबसे पहले आम के छिलकों को इकट्ठा करें और एक बाल्टी या बड़े बर्तन में साफ पानी भरकर उसमें ये सारे छिलके डाल दें। ध्यान रखें कि सभी छिलके पानी में अच्छी तरह डूबे हुए हों। बर्तन को ढक्कन से बंद कर दें ताकि गंध बाहर न आए। अब इस मिश्रण को 3-4 दिनों के लिए ऐसे ही रहने दें। इस दौरान हर 1-2 दिन पर लकड़ी की छड़ी की मदद से मिश्रण को हिलाते रहें।
तय समय के बाद पानी का रंग थोड़ा गहरा होने लगेगा और एक अलग तरह की गंध भी आने लगेगी। ये दोनों संकेत बताते हैं कि आपका फर्टिलाइजर तैयार हो गया है। अब इसे छानकर किसी बोतल में भर लें। लेकिन इसे कभी सीधे पौधों पर न डालें। पहले इसमें सादा पानी मिलाकर थोड़ा पतला करें और उसके बाद ही पौधों में डालें।
किन पौधों में और कैसे करें इस्तेमाल
यह नेचुरल लिक्विड फर्टिलाइजर बालकनी के गमलों में लगे पौधों के लिए बेहद कारगर है। गुलाब, गुड़हल, गेंदा और दूसरे सीजनल फूलों वाले पौधों में इसे डाला जा सकता है। हर 20 दिन में एक बार इसका इस्तेमाल करना काफी है। जब भी डालें, पहले पौधे की जड़ों के पास थोड़ी मिट्टी हटाकर जगह बनाएं और फिर पतला किया हुआ लिक्विड वहां डालें। इस आसान तरीके से बिना एक भी रुपये खर्च किए, घर में ही पौधों के लिए शानदार नेचुरल खाद तैयार हो जाती है।













