ट्रेन से स्थानीय यात्रा के दौरान कुछ न कुछ खाने की इच्छा अक्सर यात्रियों में बनी रहती है, और ऐसे समय में रेलवे स्टेशनों पर विकल्पों की कमी महसूस हो सकती है। हालांकि, पारंपरिक देसी नाश्ता आसानी से मिल जाता है जिसकी कीमत भी कम होती है और स्वाद भी बेहतरीन होता है। मधुबनी के रेलवे स्टेशनों पर आलू का चॉप और मुरही को सबसे बेहतरीन नाश्ता माना जाता है, जिसे क्षेत्र का लोकप्रिय स्नैक कहा जा सकता है।
प्याज और दाल की लाजवाब कचरी
जब भी मिथिला के खान-पान की चर्चा होती है, कचरी को भूला नहीं जा सकता है। मधुबनी के लगभग सभी रेलवे स्टेशनों पर यह आसानी से मिल जाती है। यहां बेसन की जगह मुख्य रूप से दाल और प्याज से तैयार की जाने वाली कचरी लोगों को बहुत पसंद आती है। इसका स्वाद इतना शानदार होता है कि खाने के बाद घर के बने खाने की याद आ जाती है।
स्वास्थ्यवर्धक और पेट भरने वाला सत्तू
मधुबनी के रेलवे स्टेशनों या उसके आसपास सफर के दौरान यदि तेज भूख लगी है और कम खर्च में लंबे समय तक पेट भरा रखना चाहते हैं, तो दो गिलास सत्तू पीना सबसे अच्छा विकल्प है। यह सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है और इसका स्वाद भी बेहतरीन होता है। स्थानीय लोग इसे बिहार का हाई-प्रोटीन शेक भी कहते हैं, जिसे पीने के बाद काफी देर तक भूख नहीं लगती है।
चटपटी झालमुड़ी का स्वाद
मधुबनी के स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में फास्टफूड की बात हो और झालमुड़ी का जिक्र न हो, ऐसा मुमकिन नहीं है। यहां दस और बीस रुपये में मिलने वाली प्लेट बेहद स्वादिष्ट और चटपटी होती है। मुरही में मिक्सचर, नींबू, कच्चा प्याज, धनिया, मूंगफली, नमक, मिर्च और इमली के खट्टे स्वाद का मेल इसे लाजवाब बनाता है। इसे खाने के बाद लोग इस क्षेत्र के जायके की तारीफ किए बिना नहीं रहते हैं।
सकरी के प्रसिद्ध गरमा-गरम पकौड़े
फास्टफूड से हटकर कुछ अलग स्वाद की तलाश है तो जिले के हर स्टेशन पर पकौड़े मिल जाएंगे। हरी मिर्च के साथ प्याज, आलू और विभिन्न सब्जियों के पकौड़े विशेष रूप से सकरी में बहुत मशहूर हैं। इन्हें खरीदने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं और इनका स्वाद बेहद लजीज होता है.
सस्ता और सेहतमंद मक्का का भुट्टा
मिथिला क्षेत्र में लोकल ट्रेन से सफर करते समय रेलवे स्टेशनों पर एक और खाद्य पदार्थ मुश्किल से दस रुपये में आसानी से मिल जाता है, वह है मक्का का भुट्टा। यह एक स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक स्नैक है, जिसका आनंद काला नमक और नींबू के साथ ट्रेन में सफर करते समय या स्टेशनों पर लिया जा सकता है। यह हर जगह सुलभ होता है।
बिहार की शान प्रसिद्ध लिट्टी
मधुबनी स्टेशन या अन्य स्थानीय रेलवे स्टेशनों पर कम बजट में पेट भरने की बात हो तो लिट्टी को कैसे नजरअंदाज किया जा सकता है। यह बिहार का बेहद प्रसिद्ध व्यंजन है जो हर जगह आसानी से मिल जाता है। पांच से दस रुपये प्रति पीस मिलने वाली यह लिट्टी चटनी के साथ परोसी जाती है। स्थानीय स्टेशनों के आसपास यह बहुतायत में मिलती है और दो-तीन पीस खाने से ही पेट आसानी से भर जाता है, जिसके बाद लोग इसकी जमकर तारीफ करते हैं।



















