सफेद परिधान हर अलमारी की शान होते हैं और किसी भी मौके पर एलगेंट लुक देते हैं। हालांकि, बार-बार पहनने, पसीने, त्वचा के प्राकृतिक तेल, धूल-मिट्टी और वाशिंग के गलत तरीकों की वजह से सफेद कपड़े समय के साथ अपनी असली चमक खोने लगते हैं। धीरे-धीरे कपड़ों का रंग फीका पड़कर पीला होने लगता है। अक्सर लोग इस पीलेपन को दूर करने के लिए महंगे और रसायनों से भरे डिटर्जेंट का सहारा लेते हैं, जिनसे कई बार कपड़ों का ताना-बाना कमजोर हो जाता है। अगर आपके पसंदीदा सफेद कपड़े भी पीले पड़ चुके हैं, तो चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। रसोई में मौजूद कुछ प्राकृतिक सामग्रियों का सही तरीके से इस्तेमाल करके आप अपने कपड़ों में फिर से नई जैसी सफेदी और ताजगी वापस ला सकते हैं।
नींबू और गर्म पानी का असरदार घोल
नींबू प्राकृतिक रूप से ब्लीचिंग गुणों से भरपूर होता है, जो कपड़ों के पीलेपन और पसीने के दागों को हटाने में बेहद कारगार साबित होता है। इस उपाय को आजमाने के लिए एक बाल्टी में गर्म पानी लें और उसमें दो से तीन ताजे नींबू का रस अच्छी तरह मिला लें। अब पीले पड़े सफेद कपड़ों को इस तैयार घोल में कम से कम एक घंटे के लिए भिगोकर रख दें। तय समय के बाद कपड़ों को निकालकर सामान्य डिटर्जेंट से धो लें। धोने के बाद जब आप इन कपड़ों को सीधी धूप में सुखाते हैं, तो नींबू का असर और अधिक निखरकर आता है और कपड़े पूरी तरह चमक उठते हैं।
बेकिंग सोडा और सिरके का कारगर कॉम्बिनेशन
बेकिंग सोडा कपड़ों की दुर्गंध को खत्म करने और जिद्दी दाग-धब्बों को हल्का करने का काम करता है, जबकि सफेद सिरका कपड़ों को बिना नुकसान पहुंचाए सॉफ्ट और चमकदार बनाता है। इस विधि के लिए चार लीटर गर्म पानी में आधा कप बेकिंग सोडा डालकर अच्छा घोल बना लें। इस पानी में कपड़ों को कुछ घंटों के लिए डुबोकर छोड़ दें। धोने की प्रक्रिया शुरू करने से ठीक पहले, पीले दाग वाली जगह पर थोड़ा सा सफेद सिरका लगाएं। बेकिंग सोडा और सिरके की यह जोड़ी पुराने से पुराने पीलेपन को भी आसानी से दूर कर देती है।
हाइड्रोजन पेरोक्साइड का पेस्ट बनाकर करें सफाई
हाइड्रोजन पेरोक्साइड एक सुरक्षित सैनिटाइज़र और बेहतरीन ब्लीचिंग एजेंट के रूप में काम करता है। यह कपड़ों के धागों या रेशों को बिना कोई नुकसान पहुंचाए उनका पीलापन साफ कर देता है। इसका इस्तेमाल करने के लिए बराबर मात्रा में हाइड्रोजन पेरोक्साइड, बेकिंग सोडा और पानी को मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को कपड़े के उन हिस्सों पर लगाएं जो सबसे ज्यादा पीले पड़े हैं और इसे 30 मिनट के लिए लगा रहने दें। इसके बाद कपड़ों को ठंडे पानी से अच्छी तरह धोकर साफ कर लें।
सूरज की तेज धूप से लाएं प्राकृतिक सफेदी
धूप में प्राकृतिक ब्लीचिंग एजेंट के गुण मौजूद होते हैं, जो कपड़ों पर जमा पीलेपन को कुदरती तरीके से काटते हैं। कपड़ों को सुखाते समय हमेशा उन्हें उल्टा करके सीधी और तेज धूप में फैलाएं। सूर्य की पराबैंगनी किरणें न केवल कपड़ों की रंगत को फिर से निखारती हैं, बल्कि उनमें मौजूद बैक्टीरिया और कीटाणुओं का भी पूरी तरह नाश कर देती हैं। नियमित रूप से सही धूप में कपड़े सुखाने से उनकी चमक लंबे समय तक बरकरार रहती है।



















