पहले एपिसोड पर बंटी दर्शकों की राय
लंबे इंतजार के बाद 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' का पहला एपिसोड 20 जून को रिलीज हुआ। इस एपिसोड में बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शरवरी बतौर गेस्ट नजर आईं। लेकिन एपिसोड देखने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की राय बंट गई। बड़ी संख्या में लोगों ने कहा कि शो अब 'बहुत ज्यादा फिल्टर्ड' हो गया है और पिछले सीजन का जो बेबाक और बेलाग अंदाज था, वो इसमें नहीं दिखा।
आशीष चंचलानी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर रखा पक्ष
इस आलोचना के बीच आशीष चंचलानी सामने आए। 2025 के विवाद से खुद भी जुड़े रहे आशीष ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखकर समय रैना का बचाव किया और दर्शकों से गुजारिश की कि वे जज करने से पहले पूरी बात समझें। उन्होंने लिखा:
'जो लोग कह रहे हैं कि लेटेंट में बहुत ज्यादा फिल्टर हैं या इसने अपना चर्म खो दिया है और ऐसी ही बातें कही जा रही हैं... बस याद रखें कि हमें एक साल तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी थी, जिसमें हमने दायरे में रहने और यह पक्का करने का वादा किया था कि इतिहास खुद को न दोहराए।'
एक साल की कानूनी लड़ाई जो बदल गई सब कुछ
आशीष ने बताया कि 2025 के विवाद के बाद समय रैना, अपूर्वा मुखिजा, रणवीर अल्लाहबादिया और वे खुद एक पूरे साल तक कानूनी प्रक्रियाओं से गुजरे। इस दौरान उन्होंने कुछ तय सीमाओं में काम करने और यह सुनिश्चित करने का वादा किया कि आगे फिर ऐसा कुछ न हो। यही वजह है कि सीजन 2 का लहजा बदला हुआ नजर आता है।
समय रैना ने पर्दे के पीछे लड़ी अनगिनत जंगें
आशीष ने अपनी पोस्ट में आगे जोड़ा:
'यह लगभग तय नहीं था कि यह शो वापस आएगा, लेकिन किसी तरह समय रैना ने यह पक्का किया कि वह इसे आप सबके लिए वापस लाएं। उन्होंने पर्दे के पीछे अनगिनत लड़ाइयां लड़ी हैं। सीजन 2 का होना ही एक बहुत मुश्किल और लगभग नामुमकिन सपना जैसा था। कभी-कभी कुछ चीजें करनी पड़ती हैं, इसलिए प्लीज उन्हें सपोर्ट करें और मजा लें।'
आशीष का सीधा संदेश यह था कि सीजन 2 का वजूद ही समय की उस मेहनत और जिद का नतीजा है जो उन्होंने पर्दे के पीछे की, और इस कोशिश की कद्र होनी चाहिए, आलोचना नहीं।













