राजस्थान के धौलपुर जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक हिस्ट्रीशीटर को धर दबोचा है। सोने का गुर्जा थाने की टीम ने यह कार्रवाई करते हुए आरोपी नहने उर्फ अनारसिंह को अवैध असलाह सहित गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया बदमाश किसी बड़ी और गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
हथियार, जिंदा राउंड और चोरी की बाइक बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक 315 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। इसके साथ ही पुलिस ने 10 जिंदा कारतूस और 2 खाली कारतूस भी मौके से जब्त किए हैं। इतना ही नहीं, बदमाश जिस दोपहिया वाहन पर सवार होकर घूम रहा था, वह भी चोरी की बाइक निकली, जिसे पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया है।
दर्जनभर संगीन मुकदमों में वांछित रहा है बदमाश
पकड़ा गया आरोपी थाना आंगई का पुराना हिस्ट्रीशीटर है और आपराधिक दुनिया में सक्रिय रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अनारसिंह के खिलाफ लगभग एक दर्जन संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में मारपीट, नकबजनी, चोरी, लूट, अपहरण, बलात्कार और आर्म्स एक्ट से जुड़े गंभीर अपराध शामिल हैं। हाल ही में कहारपुरा गांव में देर रात सरेआम गोलियां चलाकर इलाके में खौफ पैदा करने की वारदात में भी उसका नाम मुख्य रूप से सामने आया था।
पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर सख्त निगरानी
जिले के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कस रही है। आगामी पंचायतीराज चुनाव की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए जिले भर में हिस्ट्रीशीटरों और हार्डकोर अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस हिरासत में आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे इलाके में हुई अन्य कई आपराधिक वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।


















