टेलीविजन जगत से बेहद दुखद खबर सामने आई है। छोटे पर्दे के जाने माने अभिनेता अनुज ठाकुर का महज 30 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने कई लोकप्रिय धारावाहिकों में अपने अभिनय की छाप छोड़ी थी। उनके अचानक चले जाने से परिवार, मित्रों और पूरी टेलीविजन इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। किसी को भी यकीन नहीं हो रहा है कि इतनी कम उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
दोस्त रूपेश सोनार ने साझा की दुखद जानकारी
अनुज ठाकुर के करीबी दोस्त रूपेश सोनार ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए कई भावुक बातें साझा की हैं। रूपेश ने बताया कि निधन से करीब 10 दिन पहले ही उनकी अनुज से मुलाकात हुई थी। उस वक्त अनुज बेहद खुश नजर आ रहे थे और अभिनय की दुनिया में दोबारा सक्रिय वापसी की तैयारी में जुटे हुए थे। रूपेश को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात साबित होगी।
साल 2008 में सेट पर शुरू हुआ था दोस्ती का सफर
रूपेश सोनार ने अपनी और अनुज की बॉन्डिंग को याद करते हुए बताया कि दोनों की पहली मुलाकात साल 2008 में हुई थी। यह मुलाकात टीवी शो बंधन साथ जनमों का के सेट पर हुई थी। इसके बाद दोनों ने कई अन्य प्रोजेक्ट्स में भी साथ काम किया। धीरे-धीरे यह रिश्ता इतना गहरा हो गया कि रूपेश उन्हें केवल एक दोस्त नहीं, बल्कि अपने छोटे भाई की तरह मानने लगे थे।
रूपेश को अनुज के इस दुनिया से जाने की खबर 30 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे मिली। एक कॉमन फ्रेंड के जरिए यह दुखद समाचार मिलते ही वह तुरंत अनुज के परिवार से मिलने पहुंचे।
सुबह अलार्म बजने के बाद भी नहीं उठे अनुज
अनुज के नियमित दिनचर्या के बारे में बताते हुए रूपेश ने कहा कि वह बेहद अनुशासित जीवन जीते थे। अनुज का रोज का नियम था कि वह सुबह करीब 4:30 बजे जाग जाते थे। सुबह जल्दी उठकर जॉगिंग करना और एक्सरसाइज करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।
हालांकि 30 अक्टूबर की सुबह सब कुछ बदल गया। सुबह 4:30 बजे अनुज का अलार्म तो बजा, लेकिन वह अपने बिस्तर से नहीं उठे। काफी देर बाद जब उनकी मां उन्हें जगाने कमरे में पहुंचीं, तो उनकी सांसें थम चुकी थीं। यह मंजर उनकी मां और पूरे परिवार के लिए अत्यंत हृदयविदारक था। रूपेश ने भारी मन से याद किया कि अनुज एक बेहद खुशमिजाज और जिंदादिल इंसान थे।
अधूरे रह गए भविष्य के प्रोजेक्ट्स
रूपेश और अनुज मिलकर कई नए प्रोजेक्ट्स पर काम करने की रूपरेखा तैयार कर रहे थे। दोनों ही साथ में आगे काम करने को लेकर काफी उत्साहित थे। लेकिन इस अनहोनी ने सारे सपने बिखर कर रख दिए। रूपेश के मुताबिक, इस कठोर सच्चाई को स्वीकार करना उनके लिए बहुत मुश्किल हो रहा है और उन्हें हमेशा यह मलाल सताएगा कि उनका प्यारा दोस्त इतनी छोटी उम्र में साथ छोड़ गया।
अनुज ठाकुर ने अपने करियर के दौरान कई मशहूर धारावाहिकों में काम किया था। उनके उल्लेखनीय शोज में धूम मचाओ धूम, बंधन साथ जनमों का, बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा और महिसागर शामिल हैं। इन धारावाहिकों में उनके किरदारों को दर्शकों ने खूब सराहा था।



















