प्यार की कोई सरहद नहीं होती और यह साबित कर दिखाया है उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के उड़लगांव निवासी नवीन परिहार और थाईलैंड की रहने वाली मोरियां ने। दुबई की जमीन पर परवान चढ़ा इनका यह प्यार अब विवाह के पवित्र बंधन में बंध चुका है। विजयदशमी के पावन अवसर पर दोनों ने कुमाऊँ की पारंपरिक संस्कृति और वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच सात फेरे लिए और उम्रभर एक-साथ रहने का संकल्प लिया। इस अंतरराष्ट्रीए विवाह की चर्चा अब हर तरफ हो रही है और शादी के बाद अपने पैतृक गांव पहुंचने पर इस जोड़े का जोरदार स्वागत किया गया है।
दुबई में हुई थी मुलाकात और फिर परवान चढ़ा प्यार
बागेश्वर जिले के उड़लगांव के रहने वाले 32 वर्षीय नवीन परिहार पिछले लगभग 11 वर्षों से दुबई में रहकर नौकरी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा रवाईखाल क्षेत्र से पूरी करने के बाद हल्द्वानी से होटल मैनेजमेंट में एक साल का डिप्लोमा किया और रोजगार की तलाश में विदेश का रुख किया था। इसी दौरान उनकी मुलाकात थाईलैंड की रहने वाली 27 वर्षीय मोरियां से हुई, जो पेशे से एक शेफ हैं। दोनों ने करीब दो साल तक एक साथ काम किया, जिसके चलते उनके बीच मेलजोल और बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। अंग्रेजी भाषा के जरिए एक-दूसरे की भावनाओं को समझते हुए उनकी यह दोस्ती धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।
हल्द्वानी में कुमाऊंनी परंपराओं के साथ संपन्न हुआ विवाह
नवीन और मोरियां ने अपने जीवन के इस खास दिन के लिए उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति को चुना। नवीन का पैतृक गांव उड़लगांव में स्थित होने के बावजूद परिवार के सदस्यों और विदेश से आने वाले मेहमानों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस विवाह का आयोजन हल्द्वानी में किया गया। नवीन की बहन के आवास देवलचौड़ में विजयदशमी के दिन स्थानीय कुमाऊंनी पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी रस्में पूरी कराई गईं। इस भव्य समारोह में शामिल होने के लिए विशेष रूप से थाईलैंड से मोरियां के पिता, भाई और भाभी भी भारत पहुंचे थे। विदेशी मेहमानों ने भारतीय विवाह की प्राचीन परंपराओं को बेहद करीब से अनुभव किया और इस पारिवारिक उत्सव का हिस्सा बने। कुमाऊंनी रीति-रिवाज मोरियां के लिए पूरी तरह नए थे, लेकिन उन्होंने पूरे उत्साह के साथ हर रस्म में हिस्सा लिया। परंपराओं और उनके गहरे अर्थ को समझाने के लिए एक अंग्रेजी अनुवादक की भी सहायता ली गई, जिससे दोनों परिवारों की उपस्थिति में दो अलग-अलग संस्कृतियों का अद्भुत मिलन देखने को मिला।
गांव में भव्य स्वागत और जश्न की तैयारियां
हल्द्वानी में शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद नवीन अपनी दुल्हन मोरियां को लेकर अपने परिवार के साथ घर पहुंचे। अब उनके पैतृक गांव उड़लगांव में इस नवदंपती के स्वागत और एक बड़ी पारिवारिक पार्टी को लेकर जबरदस्त उत्साह का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग इस शादी को दो अलग-अलग संस्कृतियों के अनूठे संगम के रूप में देख रहे हैं। दुबई की व्यस्त जिंदगी में शुरू हुआ यह रिश्ता अब उत्तराखंड की हसीन वादियों और पहाड़ों तक पहुंच चुका है। नवीन और मोरियां की यह प्रेम कहानी इस बात की एक खूबसूरत मिसाल पेश करती है कि यदि आपसी समझ, दोस्ती और अटूट विश्वास हो, तो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोग भी जीवनभर के लिए एक अटूट रिश्ते में बंध सकते हैं।



















