अफ्रीकी देश केप वर्डे से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। फोगो द्वीप के उत्तरी पहाड़ी इलाके में शनिवार शाम एक बस पहाड़ी सड़क से फिसलकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा घुसी, जिससे 25 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बड़ी संख्या बच्चों, किशोरों और युवाओं की बताई जा रही है।
कैंपानास डी सिमा रोड पर हुआ हादसा
यह भीषण हादसा फोगो द्वीप के कैंपानास डी सिमा रोड पर हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक बस अचानक सड़क से फिसलकर बाहर निकल गई और सीधे चट्टानी खाई में समा गई। हादसे में मरने वालों में बड़ी तादाद किशोरों और स्कूली छात्रों की है, रिपोर्टों में सामने आया है कि इनमें से कई माध्यमिक स्कूल में पढ़ते थे। बस में सवार कुछ और यात्री भी इस हादसे में घायल हुए हैं, जिनमें दो किशोर लड़कियों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर बस अपने रास्ते से भटककर खाई की ओर कैसे बढ़ गई। घटना की सही वजह पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
राष्ट्रपति बोले, यह बड़ी त्रासदी है
केप वर्डे के राष्ट्रपति जोसे मारिया नेवेस ने इस हादसे को एक बड़ी त्रासदी करार दिया है। उन्होंने जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। हादसे की खबर सामने आते ही पूरे द्वीप पर मातम छा गया, क्योंकि मृतकों में ज्यादातर स्थानीय परिवारों के बच्चे और किशोर शामिल हैं।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भेजी गई विशेष टीम
घायलों के इलाज और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए प्रधानमंत्री फ्रांसिस्को कार्वाल्हो के नेतृत्व में एक टीम मौके पर भेजी गई है। इस टीम में सर्जन और मनोवैज्ञानिक भी शामिल हैं, जो न सिर्फ घायलों का इलाज करेंगे बल्कि अपनों को खोने वाले परिवारों को मानसिक रूप से संभालने में भी मदद करेंगे। सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज करने के लिए फोगो द्वीप पर अतिरिक्त टीम भेजने का भी फैसला किया है।
सात शवों का करना पड़ा तुरंत अंतिम संस्कार
हादसा इतना भीषण था कि स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, सात पीड़ितों के शवों की हालत इतनी खराब थी कि उनका अंतिम संस्कार हादसे के कुछ ही घंटों के भीतर करना पड़ा। केप वर्डे के स्वास्थ्य मंत्री लुसियो फर्नांडिस ने आधिकारिक तौर पर 25 लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे के बाद मेडिकल स्टाफ, बचाव दल और आसपास के स्थानीय निवासियों ने मिलकर राहत और बचाव अभियान चलाया। सरकार ने मुश्किल हालात में मदद के लिए आगे आए सभी लोगों की सराहना भी की है।
सामान्य तौर पर सुरक्षित मानी जाती हैं यहां की सड़कें
केप वर्डे में इस तरह के गंभीर सड़क हादसे आमतौर पर देखने को नहीं मिलते और वहां की सड़क व्यवस्था को सामान्य तौर पर बेहतर माना जाता है। यही वजह है कि इस हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर वह कौन सी वजह थी, जिसकी वजह से यात्रियों से भरी बस पहाड़ी सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक हादसे की असल वजह को लेकर कुछ भी पुख्ता तौर पर नहीं कहा जा सकता।




















