मेटा ने हाल ही में अपनी कमर्शियल इस्तेमाल की शर्तों में संशोधन करते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने उन प्रावधानों को हटा दिया है, जिनके तहत बिजनेस अकाउंट्स के वेब पेजों और डोमेन से डेटा लेकर एआई प्रोडक्ट्स को प्रशिक्षित करने की आशंका जताई जा रही थी। पहले जोड़ी गई शर्तों में कहा गया था कि कंपनी मेटा की सेवाओं को बेहतर बनाने, विकसित करने, रिसर्च करने और ट्रेनिंग देने के लिए किसी भी डोमेन या यूआरएल की सामग्री का इस्तेमाल कर सकती है।
कानूनी विशेषज्ञों का मानना था कि यह प्रावधान किसी भी ऐसे पब्लिशर्स की वेबसाइट को स्क्रैप करने की अनुमति देता है जिसका मेटा पर बिजनेस अकाउंट है। इस डेटा का उपयोग कंपनी द्वारा अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए किया जा सकता था। हालांकि मेटा ने पहले एक कॉपीराइट मुकदमे में जीत हासिल की थी, लेकिन इसके बावजूद एआई कंपनियों के खिलाफ अन्य कानूनी मामले अभी भी अदालतों में चल रहे हैं और पब्लिशर्स लगातार सवाल खड़े कर रहे थे।
इस पूरे विवाद के बीच मेटा के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया था कि इन नए नियमों से वेब क्रॉलिंग के तरीकों में कोई बदलाव नहीं आया है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बात रखी थी और अब इन प्रावधानों को पूरी तरह से हटा दिया गया है। कंपनी का कहना है कि वे इस बात को समझ गए हैं और स्थिति को पूरी तरह साफ करना चाहते हैं।
मेटा ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि उन्होंने लोगों की प्रतिक्रिया को सुना है और स्पष्ट किया है कि जिन क्रॉलिंग शर्तों को जोड़ा गया था, वे केवल विज्ञापनों और बिजनेस उत्पादों पर लागू होती थीं। कंपनी ने अब इन शर्तों में संशोधन कर दिया है जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि इससे वेब क्रॉलिंग और डेटा के इस्तेमाल के तौर-तरीकों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।





















