स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना का ऑनलाइन शो इंडियाज गॉट लेटेंट एक बार फिर कानूनी विवादों के घेरे में आ गया है। इस शो का पहला सीजन भी चर्चाओं और विवादों में रहा था, और अब इसके दूसरे सीजन के साथ भी ऐसा ही सिलसिला शुरू हो गया है। शो के एक हालिया एपिसोड में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा की तरफ से इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
18 सितंबर के एपिसोड में शामिल हुए थे कई जाने-माने चेहरे
विवाद की शुरुआत 18 सितंबर को जारी किए गए एपिसोड से हुई। इस खास एपिसोड में अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी, कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, कंटेंट क्रिएटर भुवन बाम और स्टैंड-अप कॉमेडियन कौस्तुभ अग्रवाल अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। इसी एपिसोड के कंटेंट को लेकर अनुराग श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि पूरे कार्यक्रम के दौरान अमर्यादित और अश्लील भाषा का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया गया।
मुकेश छाबड़ा के डायलॉग पर गंभीर आपत्ति
शिकायतकर्ता अनुराग श्रीवास्तव ने अपने आवेदन में विशेष रूप से मुकेश छाबड़ा द्वारा की गई एक टिप्पणी को रेखांकित किया है। आरोप के मुताबिक, एपिसोड के दौरान मुकेश छाबड़ा ने बेहद गंदी भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि मेरे आराम नगर में आओ और *** मारो। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह के शब्द न केवल बेहद आपत्तिजनक हैं, बल्कि सीधे तौर पर यौन उत्तेजक श्रेणी में आते हैं और सार्वजनिक मंच पर इस तरह की भाषा को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता।
नेटफ्लिक्स और साइबर सुरक्षा पर उठे सवाल
इस मामले में शिकायतकर्ता ने न केवल शो के निर्माताओं और मुकेश छाबड़ा को घेरा है, बल्कि नेटफ्लिक्स पर भी सवाल खड़े किए हैं। शिकायत में मांग की गई है कि इस विवादित टिप्पणी की आधिकारिक जांच की जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ऐसी भाषा कितनी हानिकारक है। शिकायतकर्ता का तर्क है कि इस तरह की सामग्री दर्शकों की गरिमा को ठेस पहुंचाती है और बच्चों की डिजिटल सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर चिंताएं पैदा करती है। इसके साथ ही यह सवाल भी उठाया गया है कि आखिर ऐसे अनुचित कंटेंट को स्ट्रीमिंग की अनुमति कैसे और क्यों प्रदान की गई।
शो के दौरान तीखी बहस और सोशल मीडिया पर चर्चा
इस एपिसोड के सामने आने के बाद मुकेश छाबड़ा द्वारा बोले गए संवादों पर सोशल मीडिया पर भी तीखी बहस छिड़ गई थी। इसी एपिसोड से जुड़ा एक और दावा सामने आया था जिसमें कहा गया कि समय रैना ने मुकेश छाबड़ा की महिला मित्र पर कोई टिप्पणी कर दी थी। इस बात से नाराज होकर कास्टिंग डायरेक्टर भड़क गए और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिसके बाद हालात ऐसे बने कि शूटिंग को बीच में ही रोकना पड़ा था। हालांकि बाद में इन सभी दावों पर तंज भी कसा गया था।



















