धौलपुर में कई तरह के पराठे आपने खाए होंगे जिनमें आलू, बथुआ, पालक, पनीर और फूलगोभी के पराठे शामिल हैं, लेकिन क्या आपने कभी चना कोमई के लाजवाब पराठों का स्वाद चखा है। यदि आपका जवाब नहीं है, तो इस बार अपने नाश्ते में कुछ हटके और पोषण से भरपूर बनाने का प्रयास करें। चना कोमई के पराठे खाने में जितने लजीज लगते हैं, इन्हें बनाना उतना ही आसान भी होता है। उबले चने, बारीक कटे प्याज, लहसुन और भारतीय मसालों के मेल से तैयार होने वाले इन पराठों को आप सुबह के नाश्ते के अलावा दोपहर या रात के भोजन में भी परोस सकते हैं।
चने में प्रोटीन और फाइबर की भरपूर मात्रा पाई जाती है, जो शरीर को पूरे दिन ऊर्जावान और सक्रिय रखती है। धौलपुर की गृहणी प्रभा शर्मा के अनुसार चना कोमई के पराठे बनाने की विधि बहुत ही आसान है और इसे मिनटों में तैयार किया जा सकता है।
चना कोमई पराठा बनाने की सामग्री
चने कोमई पराठे के लिए आवश्यक सामग्री इस प्रकार है
- चना: पराठे की मुख्य सामग्री के रूप में उपयोग होता है।
- प्याज: बारीक कटा हुआ।
- लहसुन: 5 से 6 कलियां जिन्हें दरदरा कूट लिया गया हो।
- हरी मिर्च: स्वाद के अनुसार बारीक कटी हुई।
- मसाले: जीरा, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक।
- अन्य सामग्री: देसी घी और गेहूं का गूंथा हुआ नरम आटा।
चना कोमई पराठा बनाने की विधि
चना कोमई के पराठे बनाने के लिए सबसे पहले चने को लगभग 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रखना जरूरी है। इसके बाद चने को पानी से निकालकर प्रेशर कुकर में एक चम्मच नमक के साथ तीन सीटी आने तक उबाल लें। चने अच्छी तरह उबल जाने के बाद उन्हें मिक्सी जार में डालकर दरदरा पीस लें। अब गैस पर एक कढ़ाई रखें और उसमें दो चम्मच घी गरम करें। घी के गरम होने पर जीरे का तड़का लगाएं और फिर उसमें लहसुन, प्याज तथा हरी मिर्च डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
इसके पश्चात कढ़ाई में हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक मिलाएं। सभी मसालों को अच्छी तरह पकाने के बाद इसमें पिसे हुए चने डालें और धीमी आंच पर 5 मिनट तक भूनें। पराठों के भीतर भरने के लिए स्वादिष्ट चने की कोमई स्टफिंग बनकर तैयार हो जाती है।
पराठे बेलने और सेकने का तरीका
गेहूं के आटे में पानी मिलाकर नरम आटा गूंथ लें और इसे 5 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि आटा अच्छी तरह सेट हो जाए। अब गुंथे हुए आटे से छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें हल्का सा बेल लें। इस लोई के केंद्र में तैयार की गई चने की स्टफिंग रखें और किनारों को आपस में अच्छी तरह बंद करके गोल पराठा बेल लें। इसके बाद गर्म तवे पर पराठे को डालें और दोनों तरफ से देसी घी लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक अच्छी तरह सेंक लें।
चना कोमई के इन गरमा-गरम पराठों को आप आलू की रसेदार सब्जी, लहसुन और टमाटर की तीखी चटनी या ठंडे दही के साथ परोस सकते हैं। ये पराठे बच्चों के टिफिन बॉक्स में रखने के लिए और घर आने वाले मेहमानों को खिलाने के लिए एक बेहतरीन और पौष्टिक विकल्प साबित होते हैं।


















