हरियाणा के सोनीपत जिले से एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां सोशल मीडिया के एक प्रेम प्रसंग के चलते रिश्तों का कत्ल कर दिया गया। शादी की जिद के आड़े आ रही मां को उसकी ही इकलौती बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया है, जो सोनीपत के मुकीमपुर गांव का रहने वाला है। वहीं, इस पूरी खौफनाक साजिश को अंजाम देने वाली आरोपी बेटी की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुला हत्या का राज
इस पूरे मामले की शुरुआत 3 अक्टूबर को हुई थी, जब बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर से पुलिस को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। उस समय पुलिस को दी गई शुरुआती जानकारी में मृतका रामेश्वरी की मौत की वजह करंट लगना बताई गई थी। घटना के वक्त मृतका रामेश्वरी के पास उसकी बेटी जानवी और उसका पुरुष मित्र विकास दोनों ही मौके पर मौजूद मिले थे। इसके अगले दिन यानी 4 अक्टूबर को सेक्टर 27 थाना पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए मृतका का पोस्टमार्टम कराया। लेकिन इसके बाद 5 अक्टूबर को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस मामले में ऐसा खौफनाक खुलासा किया जिससे सुनने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। रिपोर्ट में साफ हो गया कि रामेश्वरी की मौत करंट लगने से नहीं, बल्कि उसका गला घोंटकर की गई थी। जांच में सामने आया कि इकलौती बेटी जानवी ने अपने प्रेमी विकास के साथ मिलकर अपनी ही मां को हमेशा के लिए रास्ते से हटा दिया था। मृतक रामेश्वरी और उसकी बेटी जानवी सोनीपत के सेक्टर 15 में किराए के मकान में रहकर जीवन गुजार रही थीं।
सोशल मीडिया पर हुई थी मुलाकात
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विकास डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है, जबकि मृतका की बेटी जानवी इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहती थी और नियमित रूप से रील बनाकर अपलोड करती थी। इसी डिजिटल प्लेटफॉर्म और इंस्टाग्राम के जरिए जानवी और विकास की मुलाकात हुई थी, जो धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई। जब दोनों ने आपस में शादी करने का फैसला किया, तो रामेश्वरी ने इस रिश्ते के लिए साफ इनकार कर दिया। मां द्वारा शादी से मना किए जाने से नाराज बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक रास्ते को चुना।
सच्चाई छिपाने के लिए रची गई झूठी कहानी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने का खुलासा होने के बाद पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाया और शक के आधार पर जानवी के दोस्त विकास को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी विकास टूट गया और उसने सारा सच उगल दिया। विकास ने पुलिस को बताया कि उसने और जानवी ने मिलकर ही रामेश्वरी की हत्या को अंजाम दिया था। इस बेरहमी से किए गए कत्ल को एक हादसा दिखाने और सच पर पर्दा डालने के लिए उन्होंने करंट लगने से मौत होने की झूठी कहानी गढ़ी थी ताकि किसी को शक न हो। सेक्टर 27 थाना प्रभारी सवित कुमार ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस फरार चल रही महिला की बेटी को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लेगी। इसके साथ ही पुलिस आरोपी विकास को अदालत में पेश करके रिमांड पर हासिल करेगी, जिससे इस जघन्य वारदात से जुड़े अन्य तमाम पहलुओं और सबूतों की गहराई से जांच की जा सके।



















