हमारे शरीर को ठीक तरह से चलने के लिए तमाम पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है और इनमें कैल्शियम की भूमिका सबसे अहम मानी जाती है। जब शरीर में कैल्शियम घटने लगता है तो कई दिक्कतें सिर उठाने लगती हैं, और इनमें सबसे आम है हड्डियों का कमजोर पड़ना। कैल्शियम की कमी की वजह से हड्डियां तय उम्र से पहले ही दम तोड़ने लगती हैं। ऐसे में अपने खाने-पीने में थोड़े जरूरी फेरबदल करके इस कमी को आसानी से दूर किया जा सकता है। इसके लिए आप अपनी थाली में दूध-दही जैसे डेयरी उत्पाद, हरी पत्तेदार सब्जियां या कुछ साबुत अनाज जोड़ सकते हैं। इसके साथ ही ड्राई फ्रूट्स को अपनी डाइट का हिस्सा बनाकर भी हड्डियों को ताकत दी जा सकती है। आगे हम आपको कुछ ऐसे ही सूखे मेवों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में शामिल करके आप हड्डियों को मजबूत बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं।
1. बादाम
हड्डियों के लिहाज से बादाम को किसी वरदान से कम नहीं माना जाता। इसमें कैल्शियम और विटामिन-ई दोनों ही प्रचुर मात्रा में मौजूद होते हैं। कैल्शियम जहां हड्डियों के घनत्व यानी डेंसिटी को बढ़ाने का काम करता है, वहीं इसमें मौजूद मैग्नीशियम शरीर को कैल्शियम सोखने में मदद देता है। रोज सुबह 5-6 भीगे हुए बादाम खाने से हड्डियां मजबूत बनती हैं, इसलिए इन्हें अपनी डाइट में जरूर शामिल करें।
2. अंजीर
अगर आप चाहते हैं कि आपकी हड्डियां बुढ़ापे तक मजबूत बनी रहें, तो सूखे अंजीर खाना शुरू कर दें। अंजीर को कैल्शियम का बेहद उम्दा स्रोत माना जाता है। आपको बता दें कि आधा कप अंजीर में लगभग उतना ही कैल्शियम पाया जाता है, जितना एक कप दूध में होता है। इतना ही नहीं, अंजीर में पोटेशियम भी होता है, जो शरीर से कैल्शियम की बर्बादी को रोकने का काम करता है।
3. काजू
काजू में मैग्नीशियम और कॉपर भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। मैग्नीशियम हड्डियों के लचीलेपन और उनकी बनावट को बेहतर बनाता है, जबकि कॉपर उस कोलेजन के निर्माण में मदद करता है जो जोड़ों को मजबूती देता है। हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि काजू का सेवन सीमित मात्रा में ही करें।
4. किशमिश
किशमिश में बोरॉन नाम का एक खास मिनरल पाया जाता है, जो हड्डियों और जोड़ों की सेहत के लिए बेहद जरूरी होता है। बोरॉन शरीर को कैल्शियम और विटामिन-D का असरदार तरीके से इस्तेमाल करने में मदद करता है।
5. अखरोट
अखरोट में ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। यह हड्डियों की सूजन को कम करने के साथ-साथ उन्हें मजबूती भी देता है। नियमित रूप से अखरोट खाने से हड्डियां मजबूत बनती हैं।













