सफाई के बाद भी फर्श या टाइल्स पर बिखरे बाल दिख जाएं तो पूरी मेहनत बेकार लग सकती है। झाड़ू चलाते वक्त हवा से उड़कर बाल अक्सर कमरे के कोनों में जा छिपते हैं, वहीं गीला पोछा लगाने पर ये बाल फर्श से गोंद की तरह चिपक जाते हैं। हाथ से एक-एक बाल उठाना न सिर्फ मुश्किल है बल्कि काफी समय भी बर्बाद करता है। राहत की बात यह है कि कुछ आसान घरेलू तरीकों से यह समस्या मिनटों में सुलझाई जा सकती है।
डक्ट टेप और वाइपर का जुगाड़
अगर बार-बार झाड़ू लगाने के बाद भी बाल फर्श पर चिपके रह जाते हैं, तो घर के पुराने वाइपर या झाड़ू के निचले हिस्से पर डक्ट टेप को उल्टा करके लपेट दें, यानी टेप का चिपचिपा हिस्सा बाहर की तरफ रहे। इसके बाद फर्श पर हल्के हाथ से एक बार वाइपर फेरें। टेप की चिपचिपाहट फर्श पर मौजूद हर छोटे-बड़े बाल और महीन रेशे को अपनी तरफ खींच लेती है, जिससे पूरा फर्श कुछ ही मिनटों में साफ हो जाता है।
पुराने मोज़े से बनेगा काम
यह तरीका सबसे सस्ता और आसान माना जा रहा है। इसके लिए घर में पड़ा कोई पुराना कॉटन या ऊनी मोज़ा लें और उसे वाइपर के ब्लेड पर पहना दें। अब इस मोज़े को सूखे फर्श पर धीरे-धीरे घुमाएं। मोज़े का कपड़ा रगड़ से स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी पैदा करता है, जिसकी वजह से फर्श पर चिपके सारे बाल अपने आप खिंचकर मोज़े से जा चिपकते हैं और फर्श पूरी तरह साफ नजर आने लगता है।
गीले फर्श पर झाड़ू लगाने की गलती न करें
सफाई करते समय एक बात का खास ध्यान रखना जरूरी है, कभी भी गीले फर्श पर झाड़ू न चलाएं। नमी होने पर बाल फर्श से गोंद जैसे चिपक जाते हैं और फिर उन्हें हटाना बेहद मुश्किल हो जाता है। इसलिए सफाई से पहले फर्श को पूरी तरह सूखने देना चाहिए।
सफाई का सही क्रम अपनाएं
सबसे बेहतर तरीका यही है कि पहले सूखे वाइपर या मोज़े वाले जुगाड़ से बालों को इकट्ठा करके हटाया जाए, उसके बाद झाड़ू लगाई जाए और सबसे आखिर में गीला पोछा लगाया जाए। इस क्रम को अपनाने से बाल दोबारा फर्श पर चिपकने का मौका ही नहीं मिलता।
माइक्रोफाइबर मॉप बदल सकता है सफाई का तरीका
अगर घर में अभी भी सामान्य सूती पोछा इस्तेमाल हो रहा है, तो उसकी जगह माइक्रोफाइबर मॉप अपनाना फायदेमंद हो सकता है। सूखा माइक्रोफाइबर कपड़ा चुंबक की तरह काम करता है और फर्श पर मौजूद बालों को आसानी से फंसाकर बाहर निकाल देता है। इससे न सिर्फ सफाई तेज होती है बल्कि बार-बार एक ही जगह पोछा लगाने की जरूरत भी नहीं पड़ती।



















