मेघालय के खासी और जयंतिया हिल्स क्षेत्र में देर रात अचानक भड़की हिंसा के दौरान अज्ञात उपद्रवियों ने कई इलाकों को निशाना बनाया है। राज्य के प्रशासनिक वाहनों, पुलिस प्रतिष्ठानों और सत्तारूढ़ राजनीतिक दल के दफ्तर पर सिलसिलेवार पेट्रोल बम फेंके गए और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया गया।
शिलांग में पुलिस स्टेशन और पार्टी दफ्तर पर हमला
राज्य की राजधानी शिलांग में शुक्रवार तड़के उपद्रवियों ने कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया। सुबह लगभग 5 बजे लचूमियरे इलाके में स्थित नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के दफ्तर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। हालांकि इस हमले में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ और परिसर की सुरक्षा तुरंत बढ़ा दी गई। इससे पहले तड़के करीब 1:30 बजे उपद्रवियों ने मदनरटिंग पुलिस स्टेशन पर भी पेट्रोल बम फेंका, हालांकि वहां कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। वहीं मलिंकी नोंगशिलियांग क्षेत्र में खड़ी एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
वेस्ट खासी हिल्स में सरकारी संपत्तियों को पहुंचाया गया नुकसान
आगजनी और तोड़फोड़ का यह सिलसिला वेस्ट खासी हिल्स जिले के नोंगस्टोइन तक फैल गया, जहां गुरुवार रात सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाया गया। कम्युनिटी एंड रूरल डेवलपमेंट (C&RD) ब्लॉक परिसर के भीतर खड़ी रजिस्ट्रेशन नंबर ML 01 4130 वाली महिंद्रा मैक्स गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा, लोक निर्माण विभाग (PWD) के सिबसिंह स्यिएम निरीक्षण बंगले पर खड़ी एक जिप्सी को भी जला दिया गया। रात करीब 11:30 बजे उपद्रवियों ने PWD रोड्स वेस्टर्न सर्कल के अधीक्षण अभियंता के दफ्तर पर भी पेट्रोल बम से हमला किया। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी की जान नहीं गई।
वेस्ट जयंतिया हिल्स में आगजनी और सुरक्षा व्यवस्था सख्त
इसी तरह की घटना वेस्ट जयंतिया हिल्स में भी सामने आई, जहां मुकिनफाद मिहमायंटडू इलाके में रात लगभग 1:40 बजे ML 01 6416 नंबर वाली महिंद्रा बोलेरो गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया। स्थानीय निवासियों ने आग की लपटें देखकर तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस हमले में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालिया तनाव और अशांति को देखते हुए पूरे राज्य में सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।





















