देश के एक बड़े हिस्से में इस समय बारिश आफत बनकर बरस रही है। महाराष्ट्र से लेकर गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक कई राज्यों में सड़कें तालाब में बदल गई हैं और कुछ जगहों पर हालात बाढ़ जैसे बन गए हैं। मौसम विभाग ने आज भी गुजरात, राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी दी है, जिसके बाद प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मुंबई ठाणे में रेड अलर्ट, हाई टाइड का खतरा
मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में आज भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। पिछले तीन दिनों से मुंबई में लगातार अलर्ट जारी हो रहा है और मानसून लोगों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शाम करीब चार बजे तक शहर में हाई टाइड आने की भी आशंका है, जिस दौरान समंदर में करीब 13 फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं। अगर ठीक इसी समय तेज बारिश हुई, तो मुंबई के निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा और बढ़ जाएगा। मध्य महाराष्ट्र में भी सतारा, पुणे और नासिक में बारिश की संभावना जताई गई है। मुंबई में पहले से ही डैम और नाले उफान पर हैं, नीचले इलाकों की सड़कों पर कई फीट पानी जमा हो चुका है, जिससे नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं और कई जगह दुर्घटनाओं की खबरें भी सामने आ रही हैं।
मुख्यमंत्री फडणवीस की अपील, हेल्पलाइन नंबर जारी
बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस खुद अलर्ट मोड पर आ गए हैं। उन्होंने एक पोस्ट के जरिए पुलिस प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए और आम लोगों से भी एहतियात बरतने की अपील की। लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कुछ जरूरी हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके। बृहन्मुंबई नगर निगम का हेल्पलाइन नंबर 1916 है। पालघर के लिए 02525 297474 और +91 82379 78873 पर संपर्क किया जा सकता है। ठाणे नगर निगम का हेल्पलाइन नंबर 022-25364779, 0222530 1740 और 91 93723 38827 है, जबकि ठाणे के आपदा प्रबंधन सेल का नंबर 1800-222-108 या 8657887101 है। पनवेल नगर निगम की हेल्पलाइन 02227458040/41/42 पर भी लोग संपर्क कर सकते हैं।
गुजरात में नेशनल हाईवे बंद, घरों में घुसा पानी
महाराष्ट्र की तरह गुजरात के भी बड़े हिस्से पानी में डूबे नजर आ रहे हैं। नवसारी में लगातार हो रही बारिश की वजह से सड़कों पर कमर तक पानी भर गया है। गांधीनगर फलिया इलाके में तीस से ज्यादा घर कमर तक पानी में डूब गए हैं, घरों में रखा सामान पानी में तैरता दिखा और लोगों को इसी भरे पानी से होकर आना-जाना पड़ रहा है। हालात इतने बिगड़े कि नेशनल हाईवे नंबर 48 को पानी में डूबने की वजह से बंद करना पड़ा। नवसारी के अलावा राजकोट के धोराजी इलाके में भी भारी जलभराव देखने को मिला, शहर के कई हिस्सों की सड़कें जलमग्न हो गईं और पानी भरने से कई गाड़ियां रास्ते में ही बंद पड़ गईं। डांग जिले में तेज बारिश के चलते वाघई में स्थित झरने का जलस्तर काफी बढ़ गया है, वहीं गिर सोमनाथ में भी मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में पानी भर गया।
मथुरा में एक घंटे की बारिश ने बिगाड़े हालात
उत्तर प्रदेश के मथुरा में महज एक घंटे की बारिश ने नगर निगम और जिला प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी। सीजन की पहली भारी बारिश में ही शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। पानी का बहाव इतना तेज था कि स्कूटी समेत कई चीजें उसमें बहती नजर आईं। जलभराव की वजह से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आए श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एक तरफ ट्रैफिक और आवाजाही पूरी तरह बाधित हुई, तो दूसरी तरफ लोगों को गंदे और बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासन की मानसून तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
मध्य प्रदेश में नदी में बही कार, तीनों लोग बचे
मध्य प्रदेश में भी मानसून ने जमकर कहर बरपाया है। यहां डिंडौरी जिले के शहपुरा क्षेत्र में बारिश के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उफान पर बह रही कसा नदी को पार करने की कोशिश के दौरान एक कार तेज बहाव में बह गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल आए और तैरकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। इस घटना के बाद प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि उफनती नदियों और पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश बिल्कुल न करें, क्योंकि ऐसी जल्दबाजी जान पर भारी पड़ सकती है।
जयपुर के अस्पताल में भी घुसा पानी
राजस्थान में भी बारिश ने प्रशासन के तमाम दावों की हवा निकाल दी। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में तेज बारिश के बाद ट्रॉमा सेंटर के निचले हिस्से में पानी भर गया, जिससे कुछ समय के लिए अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू और एक्स-रे रूम के आसपास भी जलभराव की स्थिति देखी गई। राज्य में जगह-जगह बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं, और मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील दोहराई है।













