पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत एक बार फिर भीषण हिंसा से दहल उठा है। मस्तुंग जिले के कनक क्षेत्र में स्थित सेना के चेक पॉइंट को निशाना बनाकर बलूच विद्रोहियों ने एक घातक फिदायीन हमला किया। कंदवाह चेक पोस्ट के बाहरी हिस्से पर हुए इस जबरदस्त हमले में जानमाल का बड़ा नुकसान दर्ज किया गया है।
विस्फोटकों से भरी गाड़ी का इस्तेमाल
हमलावर ने विस्फोटकों से लदी गाड़ी को सीधे कंदवाह चेक पोस्ट के बाहरी सुरक्षा घेरे से भिड़ा दिया। टक्कर होते ही हुआ जोरदार धमाका इतना तीव्र था कि चेक पोस्ट के परखच्चे उड़ने के साथ पास बने रिहायशी घरों को भी गहरा नुकसान पहुंचा। आसपास के इलाके में धमाके से अफरातफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।
आठ लोगों ने गंवाई जान
इस भीषण धमाके में कम से कम पांच पाकिस्तानी सैनिकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास मौजूद तीन आम नागरिकों ने भी जान गंवा दी, जिनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। इस आत्मघाती हमले का तरीका साल 2019 में भारत के पुलवामा में हुए उस आतंकी हमले जैसा ही था, जहां विस्फोटक भरी कार को सुरक्षाबलों की बस के नजदीक ले जाकर उड़ा दिया गया था।



















