पवित्र सावन का महीना चल रहा है और इस दौरान आने वाली पंचमी तिथि का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है। इस दिन महादेव के आभूषण माने जाने वाले नाग देवता की विधिवत पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो श्रद्धालु नाग पंचमी के अवसर पर भगवान शिव की उपासना करते हैं और सर्प मंदिर में अथवा नाग देवता को दूध अर्पित करते हैं, उनके जीवन के तमाम कष्ट और संकट दूर हो जाते हैं। इसके अलावा लंबे समय से चली आ रही शारीरिक पीड़ा और मानसिक अशांति से भी राहत मिलती है।
प्रॉपर्टी खरीदने की बाधाओं को दूर करने के उपाय
यदि आप काफी समय से जमीन, मकान या कोई अन्य प्रॉपर्टी खरीदना चाहते हैं और बार-बार किसी न किसी वजह से रुकावटें आ रही हैं, तो इस विशेष दिन पर कुछ खास उपाय बेहद कारगर साबित हो सकते हैं। इन उपायों को अपनाने से अटकी हुई बात जल्दी बन जाती है और संपत्ति प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। देवघर स्थित पागल बाबा आश्रम के मुद्गल ज्योतिष केंद्र के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित नंदकिशोर मुद्गल ने इस संबंध में विस्तार से जानकारी दी है।
जानें क्या कहते हैं ज्योतिषाचार्य
पंडित नंदकिशोर मुद्गल के अनुसार, सावन मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष 29 जुलाई को यह पर्व मनाया जाएगा। इस पावन दिन पर सर्प को दूध अर्पित करने की परंपरा है। साथ ही भगवान शिव के शिवलिंग का अभिषेक करना भी अनिवार्य माना गया है। ऐसा करने से न केवल नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव समाप्त होता है, बल्कि जीवन में सुख-समृद्धि और वैभव में भी वृद्धि होती है।
षोडशोपचार विधि से करें भगवान शिव की आराधना
ज्योतिषाचार्य का कहना है कि नाग पंचमी के दिन नाग देवता की पूजा करने के साथ-साथ शिव मंदिर जाकर शिवलिंग की षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना करनी चाहिए। इस प्रकार की विधि-विधान से की गई पूजा आपके जमीन या प्रॉपर्टी खरीदने के सपने को जल्द से जल्द पूरा करने में मदद करती है। इसके अलावा इस दिन दूध से शिवलिंग का अभिषेक करना अत्यंत फलदायी माना गया है। दूध से अभिषेक करने से तमाम तरह के कष्टों का निवारण होता है और घर की आर्थिक तंगी भी दूर हो जाती है।



















